Live Pooja and Aarti Darshan from Siddhi Vinayak Temple

    Loading

    मुंबई: श्री सिद्धिविनायक गणपति मंदिर न्यास (Shree Siddhivinayak Ganapati Temple Trust)  द्वारा संचालित प्रभादेवी के श्री सिद्धि विनायक मंदिर (Shree Siddhivinayak Temple ) में नववर्ष 2023 (New Year 2023) के प्रथम दिन मंदिर का पट जल्दी खोल दिया जाएगा, ताकि श्रद्धालु सुगमता से दर्शन कर सकें। आम दिनों में सुबह 5:30 बजे खुलने वाला गर्भगृह का पट 1 जनवरी रविवार को श्रद्धालुओं के लिए सुबह 3:15 बजे खोल दिया जाएगा जो दिन भर चलने के साथ रात्रि 11:30 बजे तक खुला रहेगा। इसके बाद अगले दिन मंगलवार को देखते हुए दोनों चेक पोस्ट के दरवाजे बंद कर दिए जाएंगे।  

    मंदिर ट्रस्ट बोर्ड के अध्यक्ष आदेश बांदेकर के अनुसार, भगवान श्री गणेश की आरती प्रातः 5:30 से 6 बजे तक, दोपहर 12:05 से 12:30 तक और शाम को 7:30 से 8 बजे तक तीन बार की जाएगी। सेज आरती रात 11:50 बजे होगी। यहां हर साल नववर्ष के पहले दिन जुटने वाली लाखों की भीड़ का अनुमान लगाते हुए मंदिर प्रबंधन द्वारा विशेष तैयारी की गयी हैं। 

    टिटवाला गणपति का नववर्ष दर्शन 

    इसी तरह से टिटवाला पूर्व स्थित प्राचीन गणपति मंदिर में नववर्ष 2023 पर भक्तों की आस्था को देखते हुए मंदिर के गर्भगृह को सुबह 4:30 खोल दिया जाएगा। मंदिर के ट्रस्टी योगेश जोशी के अनुसार, हर साल नववर्ष के प्रथम दिन श्रद्धालु प्रथम पूज्य गणेश का दर्शन करने के लिए दूर दूर से आते हैं। उनकी आस्था को देखते हुए और दो साल बाद कोरोना का प्रतिबंध नहीं होने से भक्तों में उत्साह देखने को मिल रहा है।

     मुंबा देवी, महालक्ष्मी मंदिर, बाबुलनाथ मंदिर में विशेष व्यवस्था 

    इसी तरह से मुंबा देवी, महालक्ष्मी मंदिर, बाबुलनाथ मंदिर समेत अन्य प्रमुख मंदिरों में नववर्ष पर विशेष व्यवस्था की गयी हैं। यहां भी श्रद्धालु अपनी आस्था के अनुसार हाजिरी लगाते हैं। इसको देखते हुए स्थानीय पुलिस द्वारा भी विशेष व्यवस्था की गई है।