temperature mumbai

    Loading

    मुंबई: मुंबई (Mumbai) में इन दिनों पारा लोगों के पसीने छुड़वा रहा है। चाहे दिन हो या रात मुंबईकर (Mumbaikar) उमस भरी गर्मी से परेशान है। रविवार को न्यूनतम तापमान (Temperature) 27 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। ऐसा दूसरी बार हुआ है कि मुंबई के दिन तापमान नवंबर महीने में 27 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। मौसम विशेषज्ञों की माने तो मुंबई को अब नवंबर (November) के अंत या दिसंबर (December) के शुरुआत में ही राहत (Relief) मिलेगी।

    कहने को तो ठंड के मौसम की शुरुआत हो चुकी है, लेकिन मुंबई को गर्मी और उमस ने घेरा है। इसी बीच बारिश ने भी दस्तक दे दी। बारिश होने से तापमान में गिरावट आएगी ऐसी उम्मीद लगाई जा रही थी, लेकिन पारा गिरने के बजाए और बढ़ गया। दिन तो दिन, रात के तापमान में भी असमान्य वृद्धि से लोगों का हाल बेहाल है। रविवार को मुंबई उपनगर का न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस और शहर का 25 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। इससे पहले 4 नवंबर 2018 में न्यूनतम तापमान 27.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। दिन का तापमान भी उबाल मार रहा है। रविवार को उपनगर का तापमान 35.4 डिग्री सेल्सियस और शहर का 31.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। 

    उत्तर से आनेवाली ठंड हवाओं का प्रवाह भी थमा

    मौसम का अनुमान लगाने वाली निजी संस्था स्काई मेट के प्रमुख मेट्रोलॉजिस्ट महेश पालावत ने बताया कि अरब सागर में बने कम दबाव के क्षेत्र के कारण आसमान में बादल छाए हुए हैं। इससे उमस काफी बढ़ गई है। वहीं उत्तर से आनेवाली ठंड हवाओं का प्रवाह भी थम गया है। यही कारण है कि गर्मी काफी बढ़ गई है। आनेवाले दो दिनों तक तापमान यूं ही बना रहेगा उसके बाद अरब सागर में बना सिस्टम भी हट जाएगा और न्यूनतम तापमान 2 से 3 डिग्री की गिरावट होने की संभावना है क्योंकि उत्तर से ठंडी हवाओं का प्रवाह दक्षिण की ओर होने लगेगा।

    दिसंबर में मिलेगी गर्मी से राहत

    देश के उत्तरी हिस्सों में आनेवाले एक सप्ताह तक बर्फबारी नहीं होगी, ऐसे में वहां से ठंडी हवाओं का प्रवाह उतनी शीतलता अपने साथ नहीं ला पाएगी। ऐसे में मुंबईकरों को नवंबर के अंत तक गर्मी को झेलना पड़ेगा। दिसंबर में ही थोड़ी राहत मिलने के आसार हैं।