rajypal-patil

    Loading

    मुंबई: शिवसेना विधायक प्रताप सरनाईक (Shiv Sena MLA Pratap Sarnaik) की छाबया विहंग गार्डन इमारत पर अवैध निर्माण (Illegal Construction) के लिए लगाए गए दंड (Fine)और उसका ब्याज (Interest) माफ करने को लेकर भाजपा (BJP) ने आक्रामक रुख अख्तियार किया है। इस संदर्भ में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष चंद्रकांत पाटिल (Chandrakant Patil) ने एक शिष्टमंडल के साथ राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी (Governor Bhagat Singh Koshyari) से मुलाकात की और उन्हें ज्ञापन सौंपा। पाटिल ने ठाकरे मंत्रिमंडल को बर्खास्त करने और पूरे मंत्रिमंडल के खिलाफ एफआईआर (FIR) दर्ज करवाने की मांग की है।

    राज्यपाल से मुलाकात के बाद पत्रकारों से बात करते हुए पाटिल ने कहा कि कैबिनेट की बैठक में 4.3 करोड़ रुपए का जुर्माना और ब्याज माफ करने का निर्णय किया गया। यह अवैध और संविधान के तहत लिए गए शपथ का उल्लंघन है। 

    निर्णय केवल विधायक प्रताप सरनाईक के फायदे के लिए 

    उन्होंने कहा कि कैबिनेट ने यह तो शपथ ली होगी कि हम इस तरह से कार्य नहीं करेंगे जिससे किसी एक व्यक्ति को लाभ हो। यदि ऐसे अवैध निर्माणों पर लगाया गया जुर्माना और ब्याज माफ करना है तो इस तरह की पॉलिसी पूरे महाराष्ट्र में लागू होनी चाहिए। यह निर्णय केवल शिवसेना विधायक प्रताप सरनाईक के फायदे के लिए लिया गया है। मंत्रिमंडल ने वित्त विभाग की तरफ से दी गयी रिपोर्ट पर भी गौर नहीं किया। पाटिल ने कहा कि एक व्यक्ति के फायदे के लिए लिया गया निर्णय मंत्री पद के लिए ली गई शपथ का उल्लंघन है। राज्यपाल से मिलने गए शिष्टमंडल में विधायक राहुल नार्वेकर, निरंजन डावखरे, पार्टी महासचिव श्रीकांत भारतीय, उपाध्यक्ष  राज के पुरोहित, सचिव संदीप लेले सहित अन्य लोग शामिल थे।

    लोकायुक्त से भी करेंगे मुलाकात

    भाजपा अध्यक्ष चंद्रकांत पाटिल ने कहा कि राज्यपाल ने ही मंत्रिमंडल को शपथ दिलाई है। इस लिए राज्यपाल से फरियाद की गई है। राज्यपाल को हमने ज्ञापन दिया है। पाटिल ने कहा कि इस संदर्भ में हम लोकायुक्त से भी मिलने वाले हैं। हमारी जानकारी के मुताबिक लोकायुक्त की नियुक्ति अभी नहीं हुई है। उप लोकायुक्त छुट्टी पर हैं। सोमवार से उनसे मुलाकात कर ज्ञापन दिया जाएगा। गलत तरीके से बहुमत जुटाने वाली ठाकरे सरकार राज्य में मनमानी कर रही है।