समुद्री खाड़ी पर गुजरेगी पहली मेट्रो, कशेली क्रिक पर पिलर का काम शुरू

    Loading

    मुंबई:  मुंबई (Mumbai) और एमएमआर (MMR) में मेट्रो रेल (Metro Rail) का जाल बिछाए जाने का काम हो रहा है। मेट्रो-3 (Metro-3) का काम भुमिगत तो ज्यादातर मेट्रो का काम एलिवेटेड हो रहा है। मुंबई में स्थान ऐसा भी है, जहां समुद्री खाड़ी में मेट्रो ब्रिज (Metro Bridge)का निर्माण शुरू हो गया है।

    ठाणे (Thane) से भिवंडी (Bhiwandi) और कल्याण (Kalyan) को जोड़ने वाली मेट्रो-5 कशेली खाड़ी के ऊपर से गुजरेगी। ठाणे के पास इस समुद्री खाड़ी पर इसका पिलर सतह से करीब 34 मीटर नीचे से लगाया जा रहा है। इसके निर्माण कार्य शुरू हो गया है।  कशेली क्रिक पर मेट्रो ब्रिज की लंबाई लगभग 550 मीटर है। यहां वायडक्ट में कुल 14 पिलर होंगे। इनमें 9 पानी के अंदर और 5 जमीन पर होंगे। उल्लेखनीय है कि यह देश का पहला मेट्रो कॉरिडोर होगा जो समुद्री खाड़ी के ऊपर से गुजरेगा। मेट्रो-5 के काम को सितंबर 2019 में शुरू किया गया और अब 2024 तक पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित है। यह मेट्रो वडाला – कासारवडवली मेट्रो से जुड़ेगी। बाद में इसे कल्याण से तलोजा प्रस्तावित मेट्रो 12 से भी जोड़ने की योजना है। इसके शुरू होने के बाद ठाणे के लोगों को भिवंडी और कल्याण जाने में बहुत आसानी होगी।

    24.9 किमी लंबा होगा मेट्रो मार्ग

    ठाणे-भिवंडी-कल्याण मेट्रो-5 कॉरिडोर के तहत 24.9 किमी लंबा मेट्रो मार्ग बन रहा है। कशेली खाड़ी पर पानी की सतह से करीब 13 मीटर की ऊंचाई पर ब्रिज बनेगा। यह मार्ग 550 मीटर लंबा और 10.55 मीटर चौड़ा होगा। पानी के नीचे सर्वे करके अब पिलर का काम शुरू कर दिया गया है।

    ऐसी होगी मेट्रो परियोजना

    • ठाणे-भिवंडी-कल्याण तक
    • 24.9 किमी कॉरिडोर।
    • प्रोजेक्ट की लागत करीब   8,416 करोड़ रुपए
    • कुल 15 मेट्रो स्टेशन
    • पूर्ण कालावधि लक्ष्य अक्टूबर 2024 तक