congress
File Photo

    Loading

    मुंबई: महाराष्ट्र कांग्रेस (Maharashtra Congress) और मुंबई कांग्रेस (Mumbai Congress) शुक्रवार को महंगाई (Inflation), जीएसटी (GST), बेरोजगारी और ‘अग्निपथ’ (Agneepath) के मुद्दे को लेकर राजभवन (Raj Bhavan) का घेराव करेगी। इस बात की जानकारी प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष नाना पटोले और मुंबई कांग्रेस अध्यक्ष भाई जगताप ने दी है। 

    नाना पटोले ने कहा कि ऐसे समय में जब केंद्र की बीजेपी सरकार के मनमाने शासन और फैसलों की वजह से महंगाई आसमान छू रही है। वहीं अब मोदी सरकार ने जीवन के लिए आवश्यक वस्तुओं पर भी जीएसटी लगाकर आम लोगों को दिवालिया बनाने के कगार पर लाकर खड़ा करने की कोशिश कर रही है। 

     देश में बेरोजगारी अपने चरम पर 

    उन्होंने कहा कि देश में बेरोजगारी अपने चरम पर है और युवाओं का भविष्य अंधकार में है। केंद्र सरकार की गलत नीतियों की वजह से महंगाई, बेरोजगारी और गिरती अर्थव्यवस्था की समस्या विकराल बनती जा रही है। पटोले ने कहा है कि इसका विरोध करने के लिए शुक्रवार, 5 अगस्त को राजभवन का घेराव करने के बाद जेल भरो आंदोलन शुरू किया जाएगा।

    राज्यपाल पद की प्रतिष्ठा धूमिल

    पटोले ने महाराष्ट्र के राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी द्वारा मुंबई और महाराष्ट्र के अपमान का भी मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि इससे पहले राज्यपाल ने छत्रपति शिवाजी महाराज, महात्मा ज्योतिबा फुले, सावित्रीबाई फुले के बारे में बोलते हुए कई बार हमारे राज्य की महान विभूतियों का अपमान किया है। पटोले ने कहा कि कोश्यारी ने राज्यपाल के पद की प्रतिष्ठा को धूमिल किया है और उनका भाषण हमेशा बीजेपी और आरएसएस की शिक्षाओं को दर्शाता है।

    सुबह 11 बजे से कार्यक्रम

    कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष नाना पटोले और मुंबई कांग्रेस अध्यक्ष भाई जगताप के नेतृत्व में शुक्रवार की सुबह 11 बजे मुंबई के हैंगिंग गार्डन से राजभवन तक मार्च निकाला जाएगा। उसके बाद जेल भरो आंदोलन होगा। इस मार्च में प्रदेश के स्थानीय नेता, विधायक, सांसद, पदाधिकारी और कार्यकर्ता बड़ी संख्या में भाग लेंगे। वहीं सभी जिला मुख्यालयों में भी नेता और कार्यकर्ता केंद्र सरकार के खिलाफ आवाज उठाएंगे।