हर क्षेत्र के साथ-साथ राजनीति में भी ट्रेनिंग की जरूरत : प्रवीण दरेकर

    Loading

    मुंबई. भाजपा नेतृत्व कट्टरपंथी छवि से निजात पाने की कोशिश में जुट गया है। मुंबई सहित महाराष्ट्र (Maharashtra) के महानगरपालिकाओं (Municipal Corporations) के चुनाव (Election) को देखते हुए पार्टी ने मुस्लिम मतदाताओं (Muslim Voters) को साधने का भी प्रयास कर रही है। इसको लेकर उत्तन स्थित रामभाऊ म्हालगी प्रबोधनी में भाजपा के अल्पसंख्यक मोर्चा के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं के लिए दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया था।

    जिसमें पार्टी के वरिष्ठ नेताओं की तरफ से यह बताने का प्रयास किया गया कि कांग्रेस सहित अन्य विपक्षी पार्टियों ने मुस्लिम  समाज का उपयोग केवल वोट बैंक के लिए किया। वास्तव में भाजपा ही  सभी वर्ग के लोगों को साथ लेकर चलने वाली पार्टी है। इसके पहले कुछ दिनों पहले राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ प्रमुख डॉ. मोहन भागवत ने  मुंबई के होटल में मुस्लिम बुद्धिजीवियों के साथ बैठक की थी।

    भाजपा अल्पसंख्यक समुदाय के खिलाफ है

     अल्पसंख्यक प्रशिक्षण कार्यक्रम  को संबोधित करते हुए विधानपरिषद में विपक्ष के नेता प्रवीण दरेकर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार देश के अल्पसंख्यक समुदाय के विकास और उत्थान के लिए प्रतिबद्ध है। लेकिन राजनीतिक विरोधी हमेशा यह प्रचार करते हैं कि भाजपा अल्पसंख्यक समुदाय के खिलाफ है। उन्होंने कहा कि राजनीतिक विरोधियों  की तरफ से कितना भी प्रचार किया जाए, भाजपा वास्तव में अल्पसंख्यक समुदाय के विकास और प्रगति के लिए प्रतिबद्ध है।

    निश्चित योजना तैयार करने की जरूरत

    दरेकर ने कहा कि भाजपा में प्रशिक्षण प्रणाली का एक अनूठा सामान्य महत्व है। हर क्षेत्र के साथ-साथ राजनीति में भी ट्रेनिंग की जरूरत होती है। सबसे पहले भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के पदाधिकारियों को भाजपा में अल्पसंख्यक समुदाय को बड़ी संख्या में लाने के लिए अभियान चलाने की जरूरत है। इस समाज की लंबित समस्याओं को दूर करने की जरूरत है और उनके विकास के लिए एक निश्चित योजना तैयार करने की जरूरत है।

     प्रशिक्षण शिविर में भाजपा महाराष्ट्र अल्पसंख्यक मोर्चा के अध्यक्ष एजाज देशमुख,  मुंबई भाजपा महासचिव संजय उपाध्याय, मुंबई भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के अध्यक्ष वसीम खान, महाराष्ट्र महासचिव जुनैद खान, अतीक खान, अल्पसंख्यक मोर्चा की महिला अध्यक्ष सुल्ताना खान सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद थे।