विदर्भ फिर बनेगा कांग्रेस का गढ़, मंत्री वडेट्टीवार ने भरी हुंकार

  • चंद्रपुर के कई नेता कांग्रेस में शामिल

Loading

मुंबई. इन दिनों महाराष्ट्र में सभी दल अपनी मजबूती को बढ़ाने में लगे हुए हैं। इसी क्रम में कांग्रेस ने चंद्रपुर जिला मध्यवर्ती बैंक के संचालक संदीप वामनराव गड्डमवार (Sandeep Vamanrao Gaddamwar)  के अलावा पूर्व अध्यक्ष रवीन्द्र शिंदे (Ravindra Shinde) समेत सैकड़ों कार्यकर्ताओं को अपनी पार्टी में शामिल किया है। संदीप के पिता वामनराव गड्डमवार कांग्रेस के सीनियर नेता होने के साथ पूर्व राज्यमंत्री थे। इन नेताओं के पार्टी में शामिल होने पर चंद्रपुर के कद्दावार नेता व कैबिनेट मंत्री विजय वडेट्टीवार (Vijay Vadettivar) ने दावा किया है कि आने वाले दिनों में विदर्भ (Vidarbha) एक बार फिर कांग्रेस का गढ़ बनेगा।  

विदर्भ में कांगेस को समर्थन

इस मौके पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष व राजस्व मंत्री बालासाहेब थोरात (Revenue Minister Balasaheb Thorat) ने कहा हाल ही में विधान परिषद के लिए हुए स्नातक चुनाव में विदर्भ के लोगों ने बड़ी संख्या में कांग्रेस के पक्ष में वोट देकर पार्टी के प्रति विश्वास जताया है। इससे साफ़ है कि विदर्भ के लोग अभी भी कांग्रेस पार्टी के पीछे खड़े हैं।

थोरात ने कहा कि संदीप वामनराव गड्डमवार व रवींद्र शिंदे के आने से विदर्भ कांग्रेस और मजबूत होगी। पार्टी प्रवेश समारोह का आयोजन गांधी भवन में किया गया था। इस मौके पर मंत्री थोरात व वडेट्टीवार के अलावा महिला और बाल कल्याण मंत्री यशोमति ठाकुर, प्रदेश कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष मुजफ्फर हुसैन, मोहन जोशी, मधु चव्हाण, संतोष केने व राजाराम देशमुख समेत कई अन्य नेता मौजूद थे।