मुंबई पुलिस ने ‘बुली बाई’ ऐप डेवलपर्स और इसे बढ़ावा देने वाले ट्विटर हैंडल के खिलाफ दर्ज किया मामला

    Loading

    मुंबई: समाचार एजेंसी एएनआई के अनुसार पश्चिम मुंबई साइबर पुलिस स्टेशन (Mumbai Cyber Police) ने ऐप को बढ़ावा देने वाले बुली बाई (Bulli Bai) ऐप डेवलपर्स और ट्विटर हैंडल के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस ने अज्ञात अपराधियों के खिलाफ धारा 153 (ए), 153 (बी)295(ए), 354डी, 509, 500 आईपीसी आर/डब्ल्यू 67 आईटी अधिनियम के  तहत मामला दर्ज किया गया है। 

    उल्लेखनीय है कि, गिटहब नामक ऐप पर ‘बुली बाई’ नाम से एक अज्ञात समूह द्वारा मुस्लिम महिलाओं (Muslim Women) की तस्वीरों व खुद उनको नीलाम (Auction) किया जा रहा है। इसके साथ ही उन्हें निशाना बनाया और परेशान किया जा रहा है। 

    बता दें कि, बीते शनिवार 1 जनवरी 2022 के दिन बुलीबाई नाम  से ऐप पर नीलामी के लिए कम से कम 100 मुस्लिम महिलाओं की तस्वीरें अपलोड की गई थीं, जिससे व्यापक आक्रोश फैल गया था।  मामले की सूचना मिलते ही अब मुंबई पुलिस के अधिकारियों ने मामले का संज्ञान लिया और संबंधित अधिकारियों से इस पर जरुरी कार्रवाई करने को कहा गया था।

    अब इस मामले पर शिवसेना सांसद प्रियंका चतुर्वेदी ने भी अपनी चिंता जताई है। साथ ही उन्होंने अब मांग की है कि इस मामले में दोषियों की गिरफ्तारी जल्दी की जाए। इतना ही नहीं उन्होंने इस मामले पर मुंबई पुलिस के CP और DCP क्राइम रश्मि कंरदीकार से बात की है। उनके अनुसार अब उन्हें  उम्मीद है कि इस तरह की गलत और सेक्सिस्ट साइटों के पीछे खतरनाक लोगों को अब पकड़ा जाएगा। मुंबई साइबर पुलिस ने इन आपत्तिजनक सामग्री के संबंध में अपनी जांच शुरू कर दी है।

    उल्लेखनीय है कि, ऐप ‘बुली बाई’  वैसा ही काम करता है जैसे पहले सुल्ली डील्स करती थी। पता हो कि,बीते वर्ष 2020-2021 में ऐसे ही सुल्ली डील्स (Sulli Deals) नाम के एक ऐप पर भी ऐसी ही कुछ आपत्तिजनक सामग्रियों को इस प्रकार शेयर और प्रसार किया गया था। इसी घटना को लेकर दिल्ली और उत्तर प्रदेश पुलिस द्वारा दो प्राथमिकी दर्ज की गई थी, लेकिन अभी तक अपराधियों के खिलाफ कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है।