राज्यसभा के लिए राजीव सातव की जगह कौन! प्रज्ञा सातव का पलड़ा भारी

    Loading

    मुंबई. भारत निर्वाचन आयोग (Election Commission) ने राज्यसभा की छह खाली सीटों के लिए उपचुनाव (Rajya Sabha Bypolls) की घोषणा कर दी है। इन छह सीटों में महाराष्ट्र (Maharashtra) की एक सीट शामिल है, जो कांग्रेस सांसद राजीव सातव (Congress MP Rajeev Satav) के निधन (Death)से खाली हुई है। ऐसे में सवाल यह उठ रहे हैं कि कांग्रेस (Congress) इस सीट पर सातव की जगह किस नेता को उम्मीदवार बनाएगी। कांग्रेस में एक बड़ा गुट मांग कर रहा है कि राजीव सातव के निधन से जो जगह खाली हुई है, उसे भरने के लिए उनकी पत्नी प्रज्ञा सातव को मौका दिया जाए। 

    प्रज्ञा सातव को हाल ही में महाराष्ट्र प्रदेश कांग्रेस कमेटी का उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। इसके अलावा इस सीट के लिए पूर्व केंद्रीय मंत्री मुकुल वासनिक (Mukul Wasnik) और पूर्व केन्द्रीय राज्य मंत्री मिलिंद देवड़ा (Milind Deora) के नामों पर भी चर्चा हो रही है।

    सातव गांधी परिवार के थे बेहद करीबी

    राजीव सातव को गांधी परिवार का बेहद करीबी नेता माना जाता था। उनके निधन पर कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी, राहुल गांधी और प्रियंका गांधी ने गहरा शोक प्रकट किया था। सातव, महाराष्ट्र से राज्यसभा सांसद होने के साथ-साथ गुजरात कांग्रेस के प्रभारी थे। उनके निधन के बाद आयोजित श्रद्धांजलि सभा में राहुल गांधी ने प्रज्ञा सातव से कहा था कि कांग्रेस परिवार हमेशा उनके साथ खड़ी रहेगी। ऐसे में माना जा रहा है कि सातव द्वारा पार्टी को दिए गए योगदान और उनकी निष्ठा को ध्यान में रखते हुए भावनात्मक आधार पर प्रज्ञा सातव को राज्यसभा सीट के लिए उम्मीदवार बनाया जाएगा।

    क्या मिलिंद देवड़ा को मिलेगा मौका !  

    राज्यसभा सीट के अन्य दावेदारों में पूर्व केन्द्रीय राज्य मंत्री मिलिंद देवड़ा का भी नाम शामिल है। सूत्रों के मुताबिक़ देवड़ा साल 2019 में हुए लोकसभा चुनाव में दक्षिण मुंबई सीट से मैदान में उतरने को तैयार नहीं थे, लेकिन कहा जाता है कि राहुल गांधी ने उनसे वादा किया था कि यदि वे लोकसभा का चुनाव हार भी जाते हैं तो उन्हें बाद में राज्यसभा के लिए टिकट दिया जाएगा। राहुल ने अभी तक अपने इस वादे को पूरा नहीं किया है। ऐसे में राजीव सातव के निधन से खाली हुई राज्यसभा सीट के लिए देवड़ा को भी एक प्रबल दावेदार माना जा रहा है। इसके अलावा पूर्व केन्द्रीय गृह मंत्री सुशील कुमार शिंदे डार्क हॉर्स साबित हो सकते हैं। उन्हें गांधी परिवार का विश्वासपात्र माना जाता है। हालांकि शिंदे को महाराष्ट्र का मुख्यमंत्री बनाने के अलावा केन्द्र में भी कई अहम जिम्मेदारी दी गई है। ऐसे में राज्यसभा के लिए किसी नए चेहरे को भी मौका देने पर कांग्रेस हाईकमान विचार कर सकता है।