
मुंबई. राजधानी मुंबई (Mumbai) में शनिवार को फायर ब्रिगेड की भर्ती (Fire Brigade Recruitment) के लिए पहुंची महिलाओं की और पुलिस (Mumbai Police) के साथ झड़प हो गई। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रण में लाने के लिए लाठीचार्ज भी किया। इस झड़प में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। घटना मुंबई के दहिसर इलाके की है।
इस कारण हुई झड़प
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक भर्ती के लिए लगभग 60,000 महिलाएं आई थीं। कई उम्मीदवारों को उनकी हाइट के चलते आगे की प्रक्रिया के लिए नहीं भेजा गया। इसके अलावा कुछ उम्मीदवार जो सुबह 8 बजे के अंतिम रिपोर्टिंग समय के बाद देर से आए, उन्हें भी आगे की भर्ती प्रक्रिया के लिए अनुमति नहीं दी गई। जिसके बाद पुलिस से झड़प हो गई।
Mumbai, Maharashtra| 3318 women candidates, who were qualified as per height criteria were chosen for further selection process. Protesting women are those who came late. We can’t allow people who reached around 10 am when time was 8 am: Chief Officer, Mumbai Fire Brigade pic.twitter.com/paK4H8Ky7l
— ANI (@ANI) February 4, 2023
भर्ती प्रक्रिया रद्द करने की मांग
महिला उम्मीदवारों ने अधिकारियों पर भर्ती प्रक्रिया में भ्रष्टाचार करने का आरोप लगाया और उनके खिलाफ जमकर नारेबाजी भी की। उन्होंने भर्ती प्रक्रिया को रद्द करने की मांग की है। गौरतलब है कि झड़प के कारण भर्ती अभियान रोक दिया गया था।
मुंबई फायर ब्रिगेड के चीफ ऑफिसर ने दी सफाई
वहीं, इस मामले पर मुंबई फायर ब्रिगेड के चीफ ऑफिसर ने कहा, “3,318 महिला उम्मीदवारों, जो हाइट मानदंड के अनुसार योग्य थीं, उन्हें आगे की चयन प्रक्रिया के लिए चुना गया। विरोध करने वाली महिलाएं वे हैं जो देर से आईं। हम उन लोगों को अनुमति नहीं दे सकते जो सुबह 10 बजे पहुंचे जबकि समय सुबह 8 बजे था।”