MVA and BJP Protest
file photo

    Loading

    मुंबई: मुंबई (Mumbai) में आज महाराष्ट्र (Maharashtra) की एकनाथ शिंदे सरकार (Eknath Shinde government) के खिलाफ विपक्षी महा विकास आघाड़ी (MVA) का ‘हल्ला बोल’ प्रदर्शन होगा। वहीं दूसरी ओर बीजेपी की ओर से जवाबी प्रदर्शन किया जाएगा। प्रदर्शन को देखते हुए पुलिस बंदोबस्त किया गया है। करीब 2,500 पुलिसकर्मी सुरक्षा व्यवस्था में तैनात किए गए हैं।  

    महाराष्ट्र के साथ किए गए ‘अन्याय’, शिवाजी महाराज और महात्मा फुले जैसे राज्य की महान हस्तियों के ‘अपमान’ और कर्नाटक के सीमावर्ती इलाकों में मराठी भाषियों के खिलाफ ‘अत्याचार’ के साथ ही औद्योगिक परियोजनाओं को राज्य से बाहर ले जाने के खिलाफ एमवीए सहयोगी दल शिवसेना (UBT), राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी और कांग्रेस ‘मोर्चा’ (विरोध मार्च) निकालेंगे।

    महाराष्ट्र प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष नाना पटोले ने कहा कि एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाले शिवसेना खेमे की सरकार और भाजपा के खिलाफ लोगों का गुस्सा मोर्चा के माध्यम से व्यक्त किया जाएगा। मार्च जे जे अस्पताल के पास से शुरू होगा और दक्षिण मुंबई में छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस पर समाप्त होगा।

    एमवीए के विरोध प्रदर्शन को इस साल जून में उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाली गठबंधन सरकार गिराए जाने के बाद सहयोगी दलों को एकजुट करने के प्रयास के रूप में देखा जा रहा है।

    मुंबई बीजेपी प्रमुख आशीष शेलार ने घोषणा की कि डॉ. बी आर आंबेडकर और हिंदू देवी-देवताओं का ‘अपमान’ करने के लिए एमवीए से माफी की मांग को लेकर उनकी पार्टी आज यानी शनिवार को मुंबई में ‘माफी मांगो’ विरोध प्रदर्शन आयोजित करेगी। 

    उन्होंने आरोप लगाया कि शिवसेना (UBT) के नेता संजय राउत ने आंबेडकर की जन्मभूमि पर विवाद उत्पन्न करने की कोशिश की, जबकि एक अन्य नेता सुषमा अंधारे ने भगवान राम, भगवान कृष्ण, संत ज्ञानेश्वर और संत एकनाथ के साथ-साथ वारकरी समुदाय का भी अपमान किया।