DCM Devendra Fadnavis pushed a person while visiting rain affected area in Nagpur

Loading

नागपुर: महाराष्ट्र की उपराजधानी नागपुर में कल अधि रात हुई भारी बारिश कि वजह से पूरा शहर पानी पानी हो गया था। बाढ़ जैसी हालात निर्माण होने कि वजह से लोगों का जनजीवन अस्तव्यस्त हो गया था। वहीं, नितिन गडकरी और राज्य के उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने बढ़ प्रभावित इलाकों का दौरा किया। इस बीच, विपक्ष ने रविवार को आरोप लगाया कि महाराष्ट्र के उप मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने नागपुर शहर में बाढ़ प्रभावित इलाके के दौरे पर एक व्यक्ति को धक्का दे दिया। 

कांग्रेस की महाराष्ट्र इकाई और शिवसेना (यूबीटी) ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर, बारिश प्रभावित क्षेत्र का दौरा करने वाले फडणवीस का एक वीडियो साझा किया और उन पर एक निवासी को धक्का देने का आरोप लगाया तथा इसे ‘‘सत्ता का अहंकार” बताया। वहीं राज्य में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने इस आरोप को खारिज कर दिया है।

वीडियो क्लिप में कुछ महिलाएं फडणवीस के साथ आए पुलिस और सुरक्षाकर्मियों के साथ बहस करती देखी जा सकती हैं और वे परोक्ष तौर पर मांग कर रही हैं कि वह (फडणवीस) उनसे उनके घरों का दौरा करें। इसी बीच, महिलाओं के साथ दिख रहे एक व्यक्ति को फडणवीस ने अपनी ओर खींचा और वह उससे बातचीत करने लगे।

राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के राष्ट्रीय प्रवक्ता क्लाईड क्रास्टो ने वीडियो क्लिप टैग करते हुए ‘एक्स’ पर आरोप लगाया, ‘‘एमवीए (महा विकास आघाड़ी) की सरकार गिराने में समय लगाने के बजाय देवेन्द्र फडणवीस को अपने गृहनगर नागपुर के लोगों की सेवा करने में समय देना चाहिए था। यदि उन्होंने ऐसा किया होता तो शायद उन्हें इन लोगों के ‘गुस्से’ का सामना नहीं करना पड़ता। बहरहाल यहां उनका व्यवहार स्वीकार्य नहीं है।” 

वीडियो पर प्रतिक्रिया जताते हुए, भाजपा की महाराष्ट्र इकाई ने कहा कि विपक्ष के बयान “भ्रामक और राजनीति से प्रेरित” हैं। भाजपा ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ‘‘नागपुर में बाढ़ प्रभावित क्षेत्र के फडणवीस के दौरे के दौरान, कई निवासी चाहते थे कि वह उनके घरों का दौरा करें। हालांकि, सभी घरों का दौरा करना संभव नहीं था। इस बीच, एक निवासी इस बात पर अड़ गया कि फडणवीस उसके घर का दौरा करें। चूंकि, पुलिस उस व्यक्ति को रोक रही थी, फडणवीस ने उसका हाथ पकड़ा और उसे यह बताने के लिए पास बुलाया कि वे उसके घर भी जाएंगे।” 

भाजपा ने कहा कि इसमें कोई बुराई नहीं है कि लोग चाहते हैं कि स्थानीय विधायक फडणवीस उनके घर आएं क्योंकि नागपुर में हर कोई उन्हें पसंद करता है। भाजपा ने पूर्व मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे पर परोक्ष रूप से निशाना साधते हुए कहा, ‘‘यह घृणित है और बेशर्मी की पराकाष्ठा है कि ऐसी घटनाओं का उन नेताओं द्वारा राजनीतिकरण किया जाता है जो कभी भी लोगों से नहीं मिलते।” भाजपा ने वीडियो में दिख रहे व्यक्ति के घर का फडणवीस द्वारा दौरा करने का एक वीडियो भी पोस्ट किया। 

भाजपा ने कहा,‘‘चूंकि राज्य की जनता ने आपको (विपक्षी दलों को) नकार दिया है, इसलिए आपके पास कोई दूसरा काम नहीं है।” सुबह में, फडणवीस ने शहर के सबसे बड़े जलाशय अंबाझारी झील के आसपास के इलाकों का दौरा किया, जिसका तटबंध शनिवार को भारी बारिश के कारण टूट गया था।  उन्होंने कहा कि तीन घंटे में 109 मिलीमीटर बारिश हुई, जिसमें शुक्रवार 2 बजे से सुबह 4 बजे के बीच 90 मिलीमीटर बारिश भी शामिल है, जिससे शहर के कई इलाके जलमग्न हो गए।

उन्होंने कहा, ‘‘कम से कम 10,000 घर प्रभावित हुए हैं। घरों में कीचड़ घुस गया है। प्रशासन दवाएं उपलब्ध करा रहा है और बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों की सफ़ाई में मदद कर रहा है। अत्यधिक क्षति हुई है।” शनिवार को बारिश से संबंधित घटनाओं में 53 वर्षीय एक महिला सहित चार लोगों की मौत हो गई, जबकि 400 से अधिक लोगों को सुरक्षित जगहों पर पहुंचाया गया। (एजेंसी)