छाया: संदीप घुरघाटे
छाया: संदीप घुरघाटे

  • नवभारत भवन में आयोजित हुआ 'स्थापना दिवस' समारोह

Loading

नागपुर: नवभारत (NavaBharat) समाचार की स्थापना के 88 वर्ष पूरे होने पर शनिवार 5 फरवरी को वर्धा रोड स्थित नवभारत भवन (NavaBharat Bhavan) में स्थापना दिवस (Foundation Day) कार्यक्रम आयोजित हुआ। नवभारत के समूह अध्यक्ष विनोद माहेश्वरी और नवभारत समूह के प्रबंध-निदेशक निमिष माहेश्वरी ने सभी सहकर्मियों की उपस्थिति में दीप प्रज्जवलन किया। 

समूह अध्यक्ष विनोद माहेश्वरी ने पत्रकारिता के क्षेत्र में 88 वर्षों के इस लम्बे सफर में साथ देने के लिए सभी कमर्चारियों का धन्यवाद दिया। वहीं, प्रबंध-निदेशक निमिष माहेश्वरी ने इस मौके पर सभी का मनोबल बढ़ाते हुए कहा कि आने वाले समय में भी इसी तरह एकजुट होकर निष्पक्ष पत्रकारिता करते रहेंगे और सामान्य जनता की आवाज को मजबूती के साथ उठाते रहेंगे।

इसके पश्चात समूह संपादक संजय तिवारी ने भी सभी सहकर्मियों का धन्यवाद देते हुए उन्हें समूह के 88 वर्ष पूरे होने पर बधाई दी। अपने वरिष्ठ कर्मियों के वक्तव्यों को सुनकर  सभी कर्मचारी भावुक हो गए। माहौल को हल्का करते हुए तिवारी ने सभी कर्मचारियों की निर्देशक प्रकाश मेहरा से तुलना करते हुए कहा कि, जिस तरह बिना प्रकाश मेहरा के अमिताभ बच्चन बिग बी नहीं बन सकते थे, ठीक उसी तरह आप सभी के सहयोग के बिना नवभारत सफलता से इतने सालों का सफर तय नहीं कर पाता। 

साल 1934 में, स्वतंत्रता सेनानी दिवंगत रामगोपाल माहेश्वरी ने नवभारत समाचार की स्थापना की। माहेश्वरी के अनुसार, उन्होंने नवभारत समाचार की स्थापना आम जनता की आवाज बनने के उद्देश्य से की। आज के समय में नवभारत मध्य भारत के प्रमुख हिंदी समाचार पत्रों में से एक है और देश के कई हिस्सों जैसे महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, गुजरात और ओडिशा से प्रकाशित होता है। नवभारत के दो सहायक समाचार पत्रों, सेंट्रल क्रॉनिकल (अंग्रेजी) और नवराष्ट्र (मराठी) हैं, जिसमें 20 संस्करण और 42 हाइपर-लोकल संस्करण शामिल हैं। भारतीय पाठक सर्वेक्षण के अनुसार, नवभारत देश का छठा सर्वाधिक पढ़ा जाने वाला हिंदी दैनिक है।

आईआरएस के अनुसार, नवभारत महाराष्ट्र में सबसे ज्यादा पढ़ा जाने वाला हिंदी अखबार है। बदलते समय के साथ तालमेल बिठाने के लिए नवभारत समूह डिजिटल स्वरुप में भी अपने पाठकों तक पहुंच रहा है। नवभारत सभी डिजिटल प्लेटफार्मों पर विभिन्न प्रारूपों में उपलब्ध है। नवभारत के मोबाइल एप्लिकेशन, ई-पेपर और न्यूज वेब पोर्टल के साथ-साथ यह सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म जैसे यूट्यूब, ट्विटर, इंस्टाग्राम, फेसबुक, लिंक्डइन, कू, शेयरचैट और पिंटरेस्ट पर भी 24*7 सक्रिय है।