सिन्नर के पेट्रोल पंप चालकों की शिकायत, पैसे भरने के आठ दिन बाद मिला डीजल

    Loading

    नाशिक: सिन्नर तहसील (Sinnar Tehsil) के कुछ पेट्रोल पंप मालिकों (Petrol Pump Owners) ने 8 दिन पूर्व डीजल टैंकर के लिए अग्रिम राशि जमा करने के बावजूद उन्हें ईंधन (Fuel) नहीं मिलने की शिकायत की है। पेट्रोल पंप चालकों के अनुसार, उन्हें शुक्रवार दोपहर को डीजल (Diesel) का टैंकर मिला, लेकिन जिन्हें अब तक डीजल नहीं मिला है, उनके पंपों पर आज भी ताला लटका हुआ है। ईंधन कंपनियों ने कुछ दिनों पूर्व पेट्रोल और डीजल की आपूर्ति को नियंत्रित किया है। 

    पहले कुछ कंपनियां पंप चालकों को कुछ दिनों की उधारी पर ईंधन उपलब्ध कराती थीं, लेकिन केंद्र सरकार के आबकारी टैक्स में सहूलियत देने के बाद से कंपनियों ने अपनी नीति में बदलाव किया है। इस बीच बीपीसीएल ने ईंधन आपूर्ति में बड़े पैमाने पर कटौती करना शुरू कर दिया है। इससे नाशिक शहर सहित जिले के अधिकांश पेट्रोल पंप पर पेट्रोल और डीजल की आपूर्ति नहीं हो रही हैं। 

    इन इलाकों में नहीं मिल रहा ईंधन

    जिला आपूर्ति अधिकारियों की सूचना के बाद यह आपूर्ति सुचारू हो रही है, लेकिन नकद रकम देने वालों को ही कंपनी डीजल की आपूर्ति कर रही है, लेकिन कुछ पंप चालकों ने 8 दिन पूर्व पैसा जमा करने के बावजूद ईंधन उपलब्ध नहीं होने की शिकायत की है। सिन्नर तहसील के सिन्नर सहित वावी, खोपड़ी, पंचाले, वडांगली, सोमठाणे और पाथरे गांव के सीमा क्षेत्र के बीपीसीएल के डीलर्स ने 27 मई को पैसे जमा किए, लेकिन उन्हें तत्काल ईंधन नहीं उपलब्ध हुआ। 

    किसानों को अधिक हो रही परेशानी

    शुक्रवार की दोपहर को संबंधित पंप चालकों को डीजल मिलने के बाद उन्हें राहत मिली। इस पंप पर महामार्ग के वाहन सहित परिसर के किसान ईंधन खरीदी के लिए आते हैं। ईंधन नहीं मिलने से किसानों को अधिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इस दौरान कंपनी के माध्यम से अधिकांश आपूर्ति सुचारू होने की जानकारी जिला आपूर्ति अधिकारी अरविंद नर्सीकर ने दी है।