6 प्याज व्यापारियों पर आयकर का छापा

    Loading

    नाशिक : पिंपलगांव बसवंत कृषि मंडी समिति के 6 प्याज व्यापारियों (Onion Traders) के 13 जगहों पर आयकर विभाग (Income Tax Department) ने छापेमारी (Raid) की। इसके चलते प्याज व्यापारियों में हड़कंप मच गया है। दशहरे के बाद अब दिवाली (Diwali) का त्यौहार आ रहा है। प्याज के दाम 4500 तक पहुंच गए हैं। ऐसे में पिंपलगांव बसवंत कृषि मंडी समिति के 6 व्यापारियों की जगह पर आयकर विभाग ने गुरुवार की सुबह छापेमारी की। एक के बाद एक ऐसे लगभग 13 जगहों पर छापेमारी की गई। इसमें व्यापारियों के गोदाम, कार्यालय, आढ़त, निवास स्थान शामिल हैं।

    कार्रवाई के दौरान आयकर विभाग के अधिकारियों ने प्याज खरीदी की रसीद, बिल आदि की जांच की। दोपहर तक यह कार्रवाई चलती रही। इस कार्रवाई में आयकर विभाग के हाथ कुछ लगा या नहीं? इस बारे में कोई जानकारी नहीं मिल पाई है। परंतु प्याज व्यापारी सहित अन्य बड़े व्यापारी भयभीत हो गए हैं।

    दाम बढ़ने को लेकर कार्रवाई 

    कुछ दिन पहले नाशिक सहित पूरे महाराष्ट्र में बारिश ने हाहाकार मचाया, जिसमें करोड़ों रुपए का नुकसान हो गया। खरीफ फसल का बड़े तौर पर नुकसान हुआ। प्याज फसल का बड़े तौर पर नुकसान हुआ। चाल में रखी गई प्याज कई जगह खराब हो गई। इसके चलते देश में प्याज की मांग और आपूर्ति में बड़ा अंतर पैदा हो गया। इसके बाद प्याज के दाम पिछले सप्ताह से बढ़ गए। लासलगांव और पिंपलगांव कृषि मंडी समिति में तो प्याज के दाम 4 हजार रुपए से आगे निकल गए। इसके चलते दिवाली त्यौहार से पहले प्याज के दाम भड़क गए। इस पार्श्वभूमि पर आयकर विभाग द्वारा प्याज व्यापारियों पर छापेमारी करने की चर्चा शुरू हो रही है।

    2500 रु. के नीचे पहुंचे प्याज के दाम

    पिंपलगांव बसवंत स्थित 6 प्याज निर्यातक व्यापारियों के गोदाम, निवास स्थान, कार्यालय आदि पर आयकर विभाग ने छापेमारी की। इसके बाद सभी व्यापारी भयभीत हो गए हैं। इस छापेमारी का परिणाम नाशिक जिले के लासलगांव सहित अन्य मंडी समिति में दिखाई दिया। गुरुवार को हुई नीलामी में प्याज को सर्वसाधारण दर 2500 रुपए तक मिले। दिवाली त्यौहार के निमित्त प्याज के दाम कम होने से प्याज उत्पादक किसानों की चिंता बढ़ गई है।