
इगतपुरी: महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (Maharashtra Navnirman Sena) नेता किशोर शिंदे (Kishor Shinde) ने बड़ा दावा किया है। नासिक लोकसभा संगठक किशोर शिंदे के मुताबिक आगामी चुनाव में महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना का डंका पूरे महाराष्ट्र में बजेगा। लोकसभा और विधानसभा चुनाव में अच्छा नतीजा मनसे हक में आने का दावा किशोर शिंदे ने किया है। किशोर शिंदे का मानना है कि मनसे को ग्रामीण क्षेत्र के मतदाताओं का अच्छा प्रतिसाद मिल रहा है।
शहर में पार्टी संगठन मजबूत करना आसान है, लेकिन ग्रामीण क्षेत्र में पार्टी संगठन को मजबूत करना काफी कठिन है। लेकिन इगतपुरी तहसील के मनसे के कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने काफी मेहनत और अच्छा काम किया है, इसके चलते इगतपुरी चुनाव क्षेत्र में मनसे को अच्छे वोट मिले हैं। आगामी चुनाव में मनसे के अधिक से अधिक उम्मीदवार चुनकर आने की उम्मीद है। ग्रामीण इलाकों में पार्टी संगठन को मजबूत करने के लिए हर गांव में शाखा शुरू किये जाने का प्लान बनाया जा रहा है। ‘जहां-गांव वहां-शाखा’ मुहिम के तहत हर गांव में शाखा शुरू की जाएगी। शिंदे घोटी में आयोजित नासिक लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र और विधानसभा निहाय इगतपुरी निर्वाचन क्षेत्र में बैठक को संबोधित कर रहे थे।
पार्टी की बैठक में बड़ी संख्या में मनसे कार्यकर्ता और पदाधिकारी उनके साथ मौजूद थे। जिस तरह से किशोर शिंदे ने महाराष्ट्र में नवनिर्माण सेना के संगठन को मजबूत करने की बात कही है ऐसे में यह उम्मीद की जा सकती है कि महाराष्ट्र में पार्टी एक बार फिर राजनीतिक पकड़ को मजबूत बना सकती है। हालांकि जहां गांव वहां शाखा का नतीजा क्या निकलता है यह लोकसभा और विधानसभा चुनाव के बाद ही पता चलेगा।