महाराष्ट्र में बढ़ा ओमिक्रॉन का खतरा! 24 घंटे में मिले 60 से अधिक मरीज, डेल्टा के 362 नए मामले

    Loading

    मुंबई. महाराष्ट्र (Maharashtra) में ओमिक्रॉन (Omicron) के मामलों अब लगातार बढ़ोत्तरी हो रही है। रविवार को स्वास्थ्य विभाग (Health Department) द्वारा जारी आंकड़ों के मुताबिक राज्य में पिछले 24 घंटे में ओमिक्रॉन के 60 से अधिक मामले सामने आए हैं। जबकि, डेल्टा (Delta) के 362 नए मामले दर्ज किए गए हैं। वहीं, राज्य में आज महामारी से तीन लोगों की मौत हुई है। इसी के साथ राज्य में संक्रमितों की संख्या बढ़कर 78,68,813 हो गई है। वहीं, मृतकों का आंकड़ा 1,43,740 पर पहुंच गया है।

    रिकवरी रेट 98.08 प्रतिशत दर्ज

    स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक राज्य में पिछले 24 घंटे में 688 मरीज संक्रमण मुक्त हुए हैं जिसके बाद महामारी को मात देने वालों की कुल संख्या बढ़कर 77,17,362 हो गई है। वहीं, एक्टिव मरीजों का आंकड़ा गिरकर 3,709 पर पहुंच गया है। वर्तमान में राज्य में 26,291 मरीज होम क्वारंटाइन और 587 संस्थात्मक क्वारंटाइन में है। महाराष्ट्र में आज रिकवरी रेट 98.08% और डेथ रेट 1.82% दर्ज किया गया।

    ओमिक्रॉन के 61 नए मरीज

    महाराष्ट्र में पिछले 24 घंटे में ओमिक्रॉन के 61 नए मामले सामने आए हैं। यह सभी मरीज पुणे महानगरपालिका क्षेत्र के अंतर्गत मिले हैं। राज्य में अब तक 5,726 लोग ओमिक्रॉन से संक्रमित हुए हैं। इनमें से 4,733 लोगों की आरटी-पीसीआर टेस्ट नेगेटिव आने के बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई। गौरतलब है कि शनिवार को राज्य में एक दिन में ओमिक्रॉन के सबसे ज्यादा 454 मरीज मिले थे। यह सभी मरीज उपराजधानी नागपुर में मिले थे।

    मुंबई में कोरोना से एक की मौत

    मुंबई में आज कोरोना के 46 नए मामले और एक की मौत हुई है। जिसके बाद संक्रमितों की संख्या बढ़कर 1,056,918 हो गई है। जबकि मृतकों की संख्या 16,692 पर पहुंच गई है। वहीं, अच्छी बात यह है कि 102 लोग इस वायरस से उबरे हैं। जिसके बाद कोरोना से ठीक होने वालों की संख्या बढ़कर 1,036,825 हो गई है। शहर में आज रिकवरी रेट 98% दर्ज किया गया है। फिलहाल शहर में 519 एक्टिव मरीज है। शहर में आज 20,207 लोगों की कोरोना टेस्ट की गई है।