vande-bharat-express-arrives-at-chhatrapati-shivaji-maharaj-terminus

    Loading

    मुंबई: मुंबई से एक साथ शुरू हुई दो वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेनों को यात्रियों का प्रतिसाद मिलता दिखाई दे रहा है। उल्लेखनीय है कि 10 फरवरी को पीएम मोदी ने सीएसएमटी से साईनगर शिर्डी वंदे भारत (CSMT to Sainagar Shirdi Vande Bharat) और मुंबई-सोलापुर वंदे भारत एक्सप्रेस (Mumbai-Solapur Vande Bharat Express) को हरी झंडी दिखाई थी। 12 फरवरी से दोनों ट्रेनों का नियमित परिचालन शुरू हुआ है।

    मेक इन इंडिया के तहत चेन्नई के आईसीएफ में बनी सेमी हाई स्पीड वाली ट्रेन वंदे भारत को लेकर यात्रियों में उत्साह दिखाई दे रहा है। मध्य रेलवे के सीपीआरओ शिवाजी सुतार ने बताया कि पिछले दो दिनों में वंदे भारत की औसत ऑक्यूपेंसी 87.5 प्रतिशत तक रही। उन्होंने बताया कि मुंबई से साईं नगर शिर्डी जाने वाली वन्दे भारत की ऑक्यूपेंसी लगभग 80 प्रतिशत रही, जबकि शिर्डी से मुंबई आने वाली वंदे भारत की ऑक्यूपेंसी 85 प्रतिशत रही है। ट्रेन में 1,128 यात्रियों की क्षमता हैं।

    सीएसएमटी-सोलापुर वंदे भारत में 5,932 यात्रियों ने की यात्रा

    बताया गया कि सीएसएमटी से सोलापुर के लिए चलने वाली वंदे भारत में तीन दिनों की 6 फेरियों में 5932 लोगों ने यात्रा की। इस तरह औसत ऑक्यूपेंसी 87.5 प्रतिशत तक रही। सीएसएमटी से सोलापुर के लिए  93 प्रतिशत और सोलापुर से सीएसएमटी के लिए  82 प्रतिशत ऑक्यूपेंसी रही। दोनों रूटों पर वंदे भारत को अच्छी शुरुआत मिली हैं। आने वाले दिनों में और बढ़ने की संभावना जताई जा रही है।

    ऐसे हो रहा परिचालन

    22223 मुंबई-साईंनगर शिर्डी वंदे भारत एक्सप्रेस सीएसएमटी से सबेरे 6.20 बजे प्रस्थान कर और उसी दिन 11.40 बजे साईंनगर शिर्डी पहुंच रही है। 22224 साईंनगर शिर्डी-मुंबई वंदे भारत शाम 5.25 बजे साईनगर शिर्डी से रवाना होकर रात 10.50 बजे मुंबई पहुंच रही है। इसका हाल्ट दादर, ठाणे और नासिक रोड है।

    मुंबई-सोलापुर वंदे भारत एक्सप्रेस

    22225 मुंबई-सोलापुर वंदे भारत एक्सप्रेस सीएसएमटी से प्रतिदिन (बुधवार को छोड़कर) 4.05 बजे प्रस्थान कर उसी दिन रात 10.40 बजे सोलापुर पहुंच रही है। 22226 सोलापुर- मुंबई वंदे भारत सोलापुर से सुबह 6.05 बजे रवाना होगी और उसी दिन 12.35 बजे मुंबई पहुंच रही है। इसका हाल्ट दादर, कल्याण, पुणे और कुर्दुवाडी है।

    सेल्फ-प्रोपेल्ड ट्रेन

    वंदे भारत एक्सप्रेस 16 कोचों की स्वदेशी रूप से डिजाइन की गई सेमी हाई-स्पीड सेल्फ-प्रोपेल्ड ट्रेन सेट है। ट्रेन केवल 140 सेकंड में 160 किमी प्रति घंटे की गति पकड़ लेती है, फिलहाल इसे 100 से 110 तक की रफ्तार से चलाया जा रहा है। यात्रियों के लिए बेहतर सीटें, एयर कंडीशनिंग की निगरानी के लिए एक नियंत्रण प्रबंधन के साथ हर कोच में यात्री सूचना प्रणाली लगी हुई है।