Mumbai: Security increased outside Taj Hotel after threatening call

    Loading

    मुंबई: मुंबई पुलिस ट्रैफिक कंट्रोल को पाक स्थित एक फोन नंबर से 26/11 जैसे आतंकवादी हमले की धमकी भरा संदेश मिला था। जिसके बाद पुलिस ने वर्ली पुलिस स्टेशन में आईपीसी की धारा 506 (2) के तहत एक अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला (Police Registers FIR) दर्ज किया है। 

    इससे पहले, शहर के पुलिस आयुक्त फणसालकर ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, “प्रथम दृष्टया ऐसा प्रतीत होता है कि मुंबई को 26/11 की तरह दहलाने की धमकी देने वाले संदेश जिस नंबर से भेजे गए थे, उसका कोड पाकिस्तान का है।” इसके साथ ही उन्होंने कहा कि, “हमने इन संदेशों को गंभीरता से लिया है। धमकी भरे संदेशों की जांच करने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। हम तटीय सुरक्षा को लेकर चौकन्ने हैं और तटरक्षक बल के साथ समन्वय कर रहे हैं। हम मामले पर सभी जानकारी मुंबई ATS के साथ भी शेयर कर रहे हैं।”

    उन्होंने कहा कि,”मैं आपको विश्वास दिलाता हूं कि मुंबई पुलिस इस मामले को बिल्कुल भी हल्के में नहीं लेगी, हम मामले की पूरी जांच कर रहे हैं। साथ ही फिलहाल हम किसी संभावना से इंकार नहीं कर रहे हैं। हमने ‘सागर कवच’ अभियान शुरू किया है और समुद्री सीमा को सुरक्षित करने के लिए एजेंसियों को भी मामले पर सतर्क किया है।

    “26/11 जैसे” हमले करेंगे

    मुंबई यातायात पुलिस के नियंत्रण कक्ष को उसके हेल्पलाइन नंबर पर कई धमकी भरे संदेश मिले हैं, जिनमें कहा गया है कि छह लोग मुंबई में ‘26/11 जैसे” हमले करेंगे और शहर को ‘‘उड़ाने की तैयारी की जा रही” है। 

    166 लोगों की मौत

    मुंबई में 26 नवंबर 2008 को पाकिस्तान के 10 सशस्त्र आतंकवादियों ने हमला कर दिया था। यह देश में हुए सबसे भयावह आतंकवादी हमलों में से एक है। इस हमले में 166 लोगों की मौत हो गई थी जबकि 300 से अधिक लोग घायल हो गए थे।