local train accident
Representative Photo

  • राहत और पुनर्वास मंत्री वडेट्टीवार की घोषणा
  • कोरोना के बढ़ते संकट पर सरकार गंभीर

Loading

मुंबई. महाराष्ट्र (Maharashtra) में कोरोना (Corona) के बढ़ते मामलों को देखते हुए राज्य में मिनी लॉकडाउन (Mini Lockdown) लगाने की तैयारी तेज हो गई है। इस बारे में जल्द ही नई नियमावली की घोषणा की जा सकती है। राहत और पुनर्वास मंत्री विजय वडेट्टीवार (Vijay Wadettiwar) ने कहा है कि राज्य में कोरोना का बढ़ता संक्रमण हम सबके के लिए चिंता का विषय है। हालांकि उन्होंने महाराष्ट्र में एक बार फिर लॉकडाउन (Lockdown) लगाने की संभावनाओं से इंकार किया है।

वडेट्टीवार ने कहा कि कोरोना की वजह से पहले ही राज्य को काफी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है। ऐसे में एक बार फिर सरकार राज्य में लॉकडाउन लगाने की स्थिति में नहीं है। उन्होंने कहा कि कोरोना नियमों का कड़ाई से पालन करने के लिए सरकार जल्द ही नई घोषणा करेगी। वडेट्टीवार ने नागपुर समेत विदर्भ के अन्य जिलों में कोरोना के बढ़ते मामलों को गंभीर बताया है। उन्होंने कहा कि नागपुर में भी अगले एक या दो दिनों में ठोस निर्णय लिया जाएगा। वडेट्टीवार ने कहा कि इसे लॉकडाउन कहना सही नहीं होगा, लेकिन मैं जल्द ही नागपुर के पालक मंत्री के साथ एक समीक्षा बैठक करूंगा और योग्य निर्णय लूंगा। 

कड़े नियम लागू किए जाएंगे

वर्तमान में नागपुर कोरोना का हॉटस्पॉट बना हुआ। शहर में सभी सार्वजनिक आयोजनों पर पाबंदी लगा दी गई है। भीड़ से बचने के लिए बाजार खोलने को लेकर नया टाइम टेबल तैयार किया गया है। इसके अलावा सिनेमाघरों और शादी समारोहों में भी भीड़ को कंट्रोल करने के लिए कड़े नियम लागू किए जाएंगे।  

लोकल को लेकर जल्द फैसला

मंत्री वडेट्टीवार ने कहा कि मुंबई में कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए यहां के लोकल ट्रेन की सेवाओं को कम किया जा सकता है। मुंबई में 1 फ़रवरी से तय समय के अन्दर आम लोगों के लिए लोकल सेवा शुरू की गई थी। जिसके बाद से मुंबई में कोरोना मरीजों की संख्या में तेज़ी से इज़ाफा हुआ है। वडेट्टीवार ने कहा कि कई लोग अपने चेहरे पर मास्क नहीं लगा रहे हैं। इस वजह से भी कोरोना के मामले बढ़ रहे हैं। कई लोग मुंबई में कोरोना के बढ़ते मामलों के लिए लोकल में बढ़ती भीड़ को जिम्मेदार मान रहे हैं।    

पोहरादेवी में जुटी भीड़ पर कार्रवाई

वडेट्टीवार ने कहा कि वन मंत्री संजय राठौर के समर्थन में पोहरा देवी में जुटी भीड़ के खिलाफ कार्रवाई जरुर की जाएगी। उन्होंने कहा कि वहां जुटी भीड़ को लेकर मुख्यमंत्री ने उद्धव ठाकरे ने किसी को समर्थन नहीं दिया है। ऐसे में भीड़ के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई अवश्य की जाएगी।