PCMC

    Loading

    पिंपरी: आगामी पिंपरी-चिंचवड महानगरपालिका चुनाव (Pimpri-Chinchwad Municipal Corporation Elections) के लिए महानगरपालिका की निर्वाचन शाखा द्वारा प्रकाशित वार्डवार प्रारूप मतदाता सूची(Voter List)  पर 8,700 आपत्तियां (Objections) और सुझाव दर्ज किए गए हैं। इन आपत्तियों को दूर करने का काम किया जा रहा है। इसके लिए मौके पर जाकर सत्यापन करने के लिहाज से कर्मचारियों की नियुक्ति की गई है। अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित करने की अंतिम तिथि 9 जुलाई है।  हालांकि, अतिरिक्त आयुक्त जितेंद्र वाघ ने कहा कि अंतिम सूचियों को जारी करने के लिए विस्तार की मांग की जाएगी।

    पिंपरी-चिंचवड महानगरपालिका प्रशासन ने 23 जून को वार्डवार मसौदा मतदाता सूची जारी की। विधानसभा मतदाता सूची में 31 मई 2022 के अंत तक पंजीकृत मतदाताओं के नाम लिए जा चुके हैं। इसके अनुसार चिंचवड विधानसभा क्षेत्र में सबसे ज्यादा 5 लाख 86 हजार 849 मतदाता हैं। भोसरी विधानसभा क्षेत्र में 5 लाख 27 हजार 799 मतदाता, पिंपरी विधानसभा क्षेत्र में 3 लाख 76 हजार 470 मतदाता और भोर विधानसभा क्षेत्र के ताथवड़ेगांव में 9 हजार 575 मतदाता हैं। यहां कुल 15 लाख 693 मतदाता हैं। इनमें से 12,564 को बाहर रखा गया है, यानी ऐसे मतदाता जो पलायन कर चुके हैं या जिनकी मृत्यु हो गई है। इसलिए महानगरपालिका चुनाव में 14 लाख 88 हजार 129 मतदाता अपने अधिकारों का प्रयोग कर सकेंगे। इनमें 8 लाख 394 पुरुष, 6 लाख 87 हजार 647 महिला और 88 अन्य मतदाता हैं।  2017 के मनपा चुनाव की तुलना में 3 लाख अधिक मतदाता हैं।

     मौके पर जाकर कर्मचारी करेंगे जांच

    महानगरपालिका प्रशासन ने 23 जून को वार्डवार मसौदा मतदाता सूची जारी की। मतदाता सूची को शुरू में आपत्ति जताने के लिए 30 जून की समय सीमा दी गई थी। हालांकि, तकरीबन सभी राजनीतिक दलों के नेताओं ने आपत्ति जताने के लिए अवधि बढ़ाने की मांग की थी।  तदनुसार, राज्य चुनाव आयोग ने 3 जुलाई तक विस्तार दिया था। रविवार तक 5,000 आपत्तियां दर्ज की गई थीं। देर रात प्राप्त आपत्तियों को गिना गया। अंतिम मियाद में कुल 8,700 आपत्तियां प्राप्त हुई हैं। महानगरपालिका चुनाव विभाग के कर्मचारियों के दस्ते मौके पर जाकर आपत्ति में कोई तथ्य है या नहीं? इसकी जांच करेंगे। इसके लिए मनपा मुख्यालय में 235 प्रगणक, 48 पर्यवेक्षक, 8 फील्ड अधिकारी और कुल 307 कर्मचारियों की नियुक्ति की गई है। इस बीच 275 वार्ड सूचियां बिक चुकी हैं, जिससे चुनाव विभाग को 6 लाख 33 हजार 320 रुपए की आय हुई है।