Agniveer Recruitment Rally

    Loading

    पुणे: कल 23 अगस्त से 11 सितंबर 2022 तक महात्मा फुले कृषि विद्यापीठ (Mahatma Phule Krishi Vidyapeeth),  राहुरी, अहमदनगर में भर्ती कार्यालय, पुणे के तत्वावधान में अग्निवीर भर्ती रैली (Agniveer Recruitment Rally) आयोजित की जा रही है। 

    अहमदनगर, बीड, लातूर, उस्मानाबाद, पुणे और शोलापुर जिलों के लिए अग्निवीर जनरल ड्यूटी, अग्निवीर तकनीकी, अग्निवीर क्लर्क/ स्टोर कीपर तकनीकी और अग्निवीर ट्रेड्समैन श्रेणियों के लिए लगभग 68,000 उम्मीदवारों ने पंजीकरण करवाया है। इस रैली के लिए एडमिट कार्ड जारी कर दिए गए हैं। 

    अग्निवीर भर्ती के लिए पर्याप्त व्यवस्था

    डिफेन्स के जनसम्पर्क अधिकारी द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति में राहुरी में भर्ती रैली के सफल आयोजन के लिए अहमदनगर के जिला प्रशासन और स्थानीय सैन्य अधिकारियों द्वारा पूरा सहयोग दिए जाने सम्बन्धी जानकारी दी गई है। उम्मीदवारों को भर्ती करने के लिए पेशेवर तरीके से सेटअप और बुनियादी ढांचा स्थापित किया गया है। उनके भोजन, पानी और आराम की भी पर्याप्त व्यवस्था की गई है।

    प्रतिदिन लगभग 5,000 उम्मीदवारों के आने की उम्मीद 

    भर्ती रैली के दौरान प्रतिदिन लगभग 5,000 उम्मीदवारों के आने की उम्मीद है। रैली के संचालन में 1.6 किलोमीटर की दौड़, शारीरिक स्वास्थ्य परीक्षण, शारीरिक माप परीक्षण और चिकित्सा शामिल होंगे। चिकित्सा के संचालन के लिए राहुरी में सेना के डॉक्टरों की एक समर्पित टीम भी मौजूद है। उम्मीदवारों को सलाह दी गई है कि वे रैली अधिसूचना में दिए गए सभी प्रासंगिक दस्तावेज साथ रखें।