Deepak Kamble

    Loading

    पिंपरी: दोफाड़ के बाद शिवसेना के ठाकरे गुट (Thackeray Faction) में जारी ‘लीकेज’ थमने का नाम नहीं ले रही है। हालिया हुई नए पदाधिकारियों की नियुक्तियों से नाराज पिंपरी विधानसभा के विभाग प्रमुख दीपक कांबले (Deepak Kamble) ने भी अपने पद से इस्तीफा दे दिया। हालांकि उन्होंने शिवसेना के शिंदे गुट से भी दूरियां बना ली और एमआईएम (MIM) यानी ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन पार्टी का दामन थाम लिया है। पार्टी की ओर से उन्हें पिंपरी-चिंचवड शहर उपाध्यक्ष पद पर नियुक्त किया गया है।

    करीबन छह माह पहले शिवसेना में बड़ी फूट पड़ी। पार्टी के वरिष्ठ नेता एकनाथ शिंदे ने पार्टी प्रमुख उद्धव ठाकरे के खिलाफ बगावत का परचम लहराया और विधायकों और सांसदों की बड़ी फौज लेकर नया गुट बनाया। साथ ही बीजेपी के साथ मिलकर सत्ता बनाई। शिंदे के मुख्यमंत्री बनने के बाद से ठाकरे गुट में लगातार लीकेज शुरू है जिससे पिंपरी-चिंचवड शहर भी अछूता नहीं रहा। अब तक कई नेता, नगरसेवक और पदाधिकारी अपने कार्यकर्ताओं के साथ सांसद श्रीरंग बारणे के नेतृत्व में शिंदे गुट का दामन थाम चुके हैं। आए दिन इस गुट में ठाकरे गुट से ‘इनकमिंग’ शुरू हैं।

    एमआईएम पार्टी का दामन थामा

    चंद दिनों पहले ठाकरे गुट ने नए पदाधिकारियों की नियुक्ति जारी की। इसमें कई नेता और पदाधिकारी नाराज हुए। कुछ पदाधिकारियों ने तो हाईकमान तक अपनी नाराजगी जताकर इस्तीफे की चेतावनी भी दी। इसी नाराजगी में पिंपरी विधानसभा के विभाग प्रमुख दीपक कांबले ने ठाकरे गुट से नाता तोड़ लिया। हालिया उन्होंने अपना इस्तीफा वरिष्ठ नेताओं को भेजा। एक आरटीआई कार्यकर्ता के रूप में परिचित कांबले ने शिंदे गुट में जाने की बजाय शिवसेना से ही नाता तोड़ना पसंद किया। उन्होंने एमआईएम पार्टी का दामन थामा है। एमआईएम ने भी उन्हें पिंपरी-चिंचवड शहर उपाध्यक्ष पद की जिम्मेदारी सौंपी है। पार्टी के शहर अध्यक्ष धम्मराज सालवे ने उनके नियुक्ति की घोषणा की है।