Chandrakant Patil

    Loading

    पुणे: राज्य में पिछले 40 दिनों से बनी शिंदे सरकार के मंत्रिमंडल का विस्तार मंगलवार को हो गया। इसमें पुणे जिले को कोथरुड विधानसभा (Kothrud Assembly) क्षेत्र से विधायक चंद्रकांत पाटील (MLA Chandrakant Patil) के रूप में एक मंत्री पद मिला। जिले से मंत्री पद की दौड़ में कई नेताओं के नाम शामिल थे। जिले से चंद्रकांत पाटील के साथ और एक मंत्री पद मिलेगा, ऐसी चर्चा थी। हालांकि, मंत्रिमंडल के शपथ विधी के बाद अब चर्चाओं का बाजार बंद हो गया है।

     राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी ने राजभवन के दरबार हॉल में विधायकों को मंत्री पद की शपथ दिलाई। बीजेपी के 9 और शिंदे गुट के 9 विधायकों ने मंत्री पद की शपथ ली। पिछले एक महीने से राज्य भर में इस मंत्रिमंडल विस्तार का इंतजार किया जा रहा था। मंत्रिमंडल विस्तार में हुए देरी को लेकर विपक्ष ने राज्य सरकार ने निशाना साधा था। आखिरकार मंगलवार सुबह मंत्रिमंडल विस्तार किया गया।

     माधुरी मिसाल का पहली महिला मंत्री बनने का सपना अधुरा

     मंत्रिमंडल विस्तार में पुणे जिले के कोथरु़ड विधानसभा क्षेत्र से विधायक चुने गए चंद्रकांत पाटील ने मंत्री पद की शपथ ली। कोथरुड से 2014 में बीजेपी की मेधा कुलकर्णी विधायक चुनी गई थीं। हालांकि, 2019 में पार्टी ने कुलकर्णी का टिकट काटकर चंद्रकांत पाटील को चुनाव में उतारा था। इसी बीच, पुणे जिले से दौड़ से विधायक राहुल कुल और पर्वती मतदार संघ से निर्वाचित माधुरी मिसाल भी मंत्री पद की दौड़ में शामिल थे, लेकिन मंत्रिमंडल विस्तार में केवल चंद्रकांत पाटील को मौका दिया गया। इसके कारण पुणे से पहली महिला मंत्री बनने की संभावना गायब हो गई।

    पश्चिम महाराष्ट्र को केवल तीन मंत्री मिले

    शिंदे सरकार के मंत्रिमंडल विस्तार में पश्चिम महाराष्ट्र को केवल तीन मंत्री पद मिले हैं। इसमें पुणे जिले से चंद्रकांत पाटील, सांगली जिले से सुरेश खाडे और सातारा जिले से शंभुराज देसाई को मंत्रिमंडल में जगह मिली है। पश्चिम महाराष्ट्र के सोलापुर और कोल्हापुर जिले के एक भी विधायक को कैबिनेट में जगह नहीं मिली है। दूसरे मंत्रिमंडल विस्तार में इन जिलों के नेताओं को मंत्री पद मिलने की संभावना जताई जा रही है।