भाजपा ने फिर खेलना शुरू किया ‘शहरी-बाहरी’ का कार्ड

    Loading

    पिंपरी:  ‘नको बारामती, नको भानमती’ का नारा बुलंद कर भाजपा (BJP) ने पिछले महानगरपालिका चुनाव में पिंपरी-चिंचवड़ महानगरपालिका (Pimpri-Chinchwad Municipal Corporation) पर फतह हासिल की। अब तीन माह की दूरी पर जब दूसरा आम चुनाव आ गया है तब फिर एक बार भाजपा ने ‘शहरी- बाहरी’ के विवाद को हवा दे दी है। फिर एक बार महानगरपालिका का गढ़ हासिल करने की कवायद में जुटी भाजपा के पिंपरी-चिंचवड़ शहराध्यक्ष और विधायक महेश लांडगे (MLA Mahesh Landge) ने एक समारोह में कहा कि बीते चार सालों में हम चिखली जैसे इलाके का कायापलट कर सके क्योंकि हमारे पद वितरण या दूसरे कोई भी अहम फैसले पिंपरी-चिंचवड़ में ही होते हैं, इसके लिए हमें कहीं शहर से ‘बाहर’ नहीं जाना पड़ता।

    राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी का नामोल्लेख टालते हुए विधायक महेश लांडगे ने कहा कि पिंपरी-चिंचवड़ के उपनगर माने जाने वाले चिखली जैसे क्षेत्र में पिछले चार वर्षों में हमने परिवर्तन कर दिखाया है। इसका मुख्य कारण यह है कि हम किसी फैसले के लिए शहर से बाहर नहीं जाते हैं और किसी भी स्थिति पर शहर में ही निर्णय लेते हैं। 

    भाजपा में सारे फैसले शहर में ही किए जाते हैं

    इन शब्दों में विपक्षी दलों की खिंचाई करते हुए भाजपा शहराध्यक्ष ने कहा कि भाजपा में सारे फैसले शहर में ही स्थानीय स्तर पर सभी कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों के परामर्श से किए जाते हैं। इसलिए महत्वपूर्ण पद भी उसी ताकत के व्यक्ति को दिए गए हैं और इसलिए शहर के वार्ड और स्थानीय क्षेत्रों का विकास नजर आता है।

    महानगरपालिका चुनाव को लेकर तैयारी शुरु

    चिखली में महानगरपालिका ज ‘फ’ प्रभाग अध्यक्ष और विद्यमान नगरसेवक कुंदन गायकवाड की ओर से भाजपा शहराध्यक्ष तथा विधायक महेश लांडगे की सालगिरह के उपलक्ष्य में आयोजित “चला-हवा-येऊ-द्या” कार्यक्रम में विधायक गोपीचंद पडलकर के साथ विधायक लांडगे मौजूद थे। इसी कार्यक्रम में उन्होंने उपरोक्त बयान देकर आगामी मनपा चुनाव की पृष्ठभूमि पर ‘शहरी- बाहरी’ के पुराने विवाद को फिर हवा देने की कोशिश की। इस मौके पर पूर्व महापौर राहुल जाधव, नगरसेविका साधना मलेकर, स्वीनल म्हेत्रे, विकास डोलस, भाजप महासचिव राजू दुर्गे, सामाजिक कार्यकर्ता संदीप शेलार, अंकुश मलेकर, टायगर ग्रुप के तानाजी जाधव, अनिकेत घुले, गोल्डन मैन सनी वाघचौरे समेत भाजपा के कई नेता, पदाधिकारी नगरसेवक उपस्थित थे।

    फडणवीस जिसके साथ उसका कोई कुछ बिगाड़ नहीं सकता: पडलकर

    भाजपा के शहर अध्यक्ष और विधायक महेश लांडगे सच्चे आदमी हैं। उन्हें पूरे राज्य में एक ऐसे व्यक्ति के रूप में जाना जाता है जो गरीबों की मदद के लिए सबसे आगे दौड़ता है। महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री और विपक्ष के नेता देवेंद्र फडणवीस इस सच्चे आदमी के सदैव साथ हैं। राज्य में भले ही भाजपा की सत्ता नहीं है तो भी फडणवीस जैसा नेतृत्व जिसके साथ है उसका कोई कुछ बिगाड़ नहीं सकता। यह बताकर पडलकर ने पंढरपुर में भगवान विठ्ठल के चरणों में एक व्यापारी द्वारा किए गए संकल्प का उदाहरण दिया जिसमें अपना संकल्प पूरा करने के लिए उस व्यापारी ने अपनी जान तक देने की तैयारी दर्शाई थी। ऐसा संकल्प हमें महेश लांडगे का साथ देने और उनके साथ मजबूती से खड़े रहने के लिए करना है।