Bablu Sonkar

    Loading

    पिंपरी: भारतीय जनता पार्टी के अनुसूचित जाति मोर्चा के महाराष्ट्र प्रदेश उपाध्यक्ष पद पर पिंपरी-चिंचवड शहर (Pimpri-Chinchwad City) के युवा कार्यकर्ता धर्मेंद्र उर्फ बबलू सोनकर (Bablu Sonkar) की नियुक्ति की गई है। अनुसूचित जाति मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष सुधाकर भालेराव (Sudhakar Bhalerao) ने उनके नियुक्ति की घोषणा की है। मुंबई स्थित पार्टी कार्यालय में बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष चंद्रशेखर बावनकुले (Chandrashekhar Bawankule) के हाथों और सुधाकर भालेराव की मौजूदगी में सोनकर को नियुक्ति पत्र प्रदान किया गया।

    धर्मेंद्र सोनकर पिछले कई सालों से सामाजिक और राजनीतिक क्षेत्र में कार्यरत हैं। उनके पिता ब्रिजलाल सोनकर उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार में मंत्री थे। खुद धर्मेंद्र सोनकर राष्ट्रीय अनुसूचित जाति आयोग (एससी कमीशन ऑफ इंडिया) के महाराष्ट्र प्रदेश समन्वयक रह चुके हैं। उस दौरान उन्होंने न केवल पिंपरी-चिंचवड, पुणे बल्कि समस्त प्रदेश के दलितों के न्याय हक की लड़ाई लड़ी। शुरू में सोनकर कांग्रेस के साथ जुड़े थे। एनएसयूआई के महाराष्ट्र प्रदेश उपाध्यक्ष पद पर भी उन्होंने काम किया है। 

    लक्ष्मण जगताप के कट्टर समर्थक और करीबी 

    धर्मेंद्र सोनकर पिंपरी-चिंचवड के नेता दिवंगत विधायक लक्ष्मण जगताप के कट्टर समर्थक और करीबी रहे। उन्हीं के नेतृत्व में उन्होंने बीजेपी में प्रवेश किया। बीजेपी के उत्तर भारतीय मोर्चा महाराष्ट्र प्रदेश उपाध्यक्ष पद की जिम्मेदारी भी निभाई। उनके राजनीतिक और सामाजिक कार्यों और युवाओं और उत्तर भारतीयों के संगठन को ध्यान में लेकर बीजेपी ने उन्हें अनुसूचित जाति मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष पद की जिम्मेदारी सौंपी है। उनकी नियुक्ति का शहर के उत्तर भारतीयों ने स्वागत किया है। अपनी नियुक्ति पर सोनकर ने समाज के दीन दुर्बलों के न्याय हक के लिए लड़ने, उन्हें उनका अधिकार दिलाने के लिए कार्यरत रहने की मंशा जताई है।