Amol Thorat

  • 'लेटर बम' के बाद सकते में आयी भाजपा, घरभेदियों को चेताया

Loading

पिंपरी : राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) के अध्यक्ष शरद पवार (Sharad Pawar) द्वारा लगाए गए भ्रष्टाचार के आरोपों से बेजार भाजपा (BJP) तब सकते में आ गई जब पार्टी के नगरसेवक तुषार कामठे (Tushar Kamthe) ने एक ‘लेटर बम’ (Letter Bomb) के जरिए भाजपा विधायकों की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाएं हैं। उन्होंने कहा है कि पार्टी के पिंपरी-चिंचवड़ शहराध्यक्ष और विधायक महेश लांडगे और विधायक लक्ष्मण जगताप की तानाशाही, भ्रष्ट और गलत कामों से आगामी महानगरपालिका चुनाव में पार्टी को नुकसान होने की संभावना जताई है। इस ‘लेटरबम’ के बाद तिलमिलाए भाजपा के प्रवक्ता अमोल थोरात (Amol Thorat) ने पार्टी के घरभेदियों को चेतावनी दी है।

उन्होंने कहा कि भाजपा एक अनुशासनप्रिय पार्टी है, इसमें संगठन विरोधी कार्रवाई बिल्कुल बर्दाश्त नहीं होगी। जरूरत पड़ने पर ऐसे लोगों को पार्टी से निष्कासित किया जायेगा। इस बारे में जारी किए एक बयान में पार्टी प्रवक्ता अमोल थोरात ने कहा कि पिछले कुछ दिनों में पिंपरी-चिंचवड़ महानगरपालिका में सत्तारूढ़ भाजपा के कुछ नगरसेवकों ने पार्टी के खिलाफ बयानबाजी शुरू कर दी है। दरअसल, पार्टी ने सभी को समान न्याय देने की कोशिश की है। हालांकि कुछ अहम पदों के लिए अड़ियल भूमिका अपनाने वाले पार्टी की छवि खराब करने की कोशिश कर रहे हैं। 

भाजपा की होगी एकतरफा जीत

अमोल थोरात ने कहा कि राज्य में पार्टी के नेताओं को भाजपा के खिलाफ बेबुनियाद बयान देने वालों की परवाह नहीं होगी। भाजपा एक अहम पार्टी है। कुछ भी हो, भाजपा फिर एकतरफा सत्ता में आएगी। एक पार्टी के तौर पर सभी से एक साथ एकजुट होकर काम करने की उम्मीद की जाती है। मगर कोई पार्टी और उसके नेताओं को चुनौती देने की कोशिश कर रहा है तो उसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

सियासी गलियारों में खलबली मची

अमोल थोरात ने कहा कि भाजपा में महत्वपूर्ण पद न मिलने से बेचैन कुछ लोग पार्टी के प्रति वफादार होने का दावा कर रहे हैं। पार्टी में अनुशासन महत्वपूर्ण है। पार्टी और संगठन को बढ़ाने के लिए सभी को पहल करनी चाहिए। पार्टी का आंतरिक मुद्दा उठाकर स्टंट करने की कोशिश करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। वफादार के रूप में पब्लिसिटी स्टंट करने वालों को अपनी वफादारी की जांच करनी चाहिए। उन्होंने यह भी दावा किया कि वफादार लोग कभी भी भाजपा को बदनाम नहीं करेंगे। बहरहाल ऐन महानगरपालिका चुनाव के मुहाने सत्तादल भाजपा में शुरू हुए घमासान से सियासी गलियारों में खलबली मच गई है। 

शरद पवार ने किया था हमला

दो दिन पहले राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के अध्यक्ष शरद पवार ने दो दिवसीय पिंपरी-चिंचवड़ दौरे में सत्तादल भाजपा और उसके दोनों विधायकों पर जमकर हमला बोला। उन्होंने विधायकों पर शहर को आपस में बांट लेने और भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगाए। इसके तुरंत बाद पिछले कुछ दिनों से भाजपा से नाराज चल रहे नगरसेवक तुषार कामठे ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष और विधायक चंद्रकांत पाटिल व नेता प्रतिपक्ष देवेंद्र फडणवीस से विधायक महेश लांडगे और लक्ष्मण जगताप के बारे में लिखित शिकायत की है। पत्र में कामठे ने कहा कि भाजपा के विधायकों के पिछले पांच वर्षों में गलत कामों के कारण आने वाले चुनावों में पार्टी को झटका लगने की संभावना है। उनके द्वारा किए गए भ्रष्टाचार के लिए विपक्ष और जनता मनपा चुनाव में जवाब मांगेंगी और अपने नगरसेवकों को जमकर खरी-खोटी सुनाएगी। लांडगे और जगताप ने महानगरपालिका में मनमानी और तानाशाही से दखल देकर कई नगरसेवकों को प्रताड़ित किया है। उन्होंने यह भी कहा है कि अपनी चमड़ी बचाने के लिए ये विधायक पार्टी छोड़ सकते हैं क्योंकि दोनों विधायक समय-समय पर पार्टी बदलते रहे हैं।