murder

    Loading

    पिंपरी : पुराने झगड़े (Fights) और व्यावसायिक होड़ (Business Rivalry) में एक युवक (Youth) की निर्मम हत्या (Murder) करने और वारदात के बाद हवाई फायर कर इलाके दहशत फैलाने की घटना पिंपरी-चिंचवड (Pimpri-Chinchwad) में सामने आई है। चिंचवड रामनगर के परशुराम चौक में शुक्रवार की शाम सात बजे के करीब हुई इस वारदात में 18 आरोपियों के शामिल रहने की जानकारी सामने आई है। वारदात के सामने आने के 12 घंटे के भीतर पिंपरी पुलिस ने धरपकड़ करते हुए एक महिला समेत आठ आरोपियों को गिरफ्तार किया और दो नाबालिग लड़कों को हिरासत में लिया है। बहरहाल मृत युवक की आपराधिक पृष्ठभूमि रहने की जानकारी भी सामने आई है। 

    विशाल नागू गायकवाड (निवासी मोरेबस्ती, चिखली, पुणे) ऐसा मृतक का नाम है। उसके बड़े भाई अर्जुन नागू गायकवाड (32) ने पिंपरी पुलिस स्टेशन में तहरीर दी है। तदनुसार पुलिस ने दाद्या उर्फ विशाल मरिबा कांबले, राजू मरिबा कांबले, सिद्धया मरिबा कांबले, कच्चा उर्फ मिलिंद मरिबा कांबले, विशाल लष्करे (सभी निवासी रामनगर, चिंचवड, पुणे), करण उर्फ ससा, सीजे उर्फ चैतन्य जावीर, ओमकार शिंदे, यश कुसालकर, करण गायकवाड, रोहित मांजरेकर, सुरज मोहिते, निलेश लष्करे, बालाजी कोकाटे, मोहन विटकर और उनके दो से तीन अन्य साथियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। इस हत्या में मौका ए वारदात पर मौजूद न रहे लोगों के शामिल रहने की बात सामने आने से यह हत्या सुपारी देकर कराई जाने की संभावना भी जताई जा रही है।

    पिंपरी पुलिस स्टेशन के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक शंकर अवताड़े के अनुसार, वादी अर्जुन और उनके छोटे भाई विशाल दोनों वाशिंग सेंटर चलाते हैं। शुक्रवार की शाम वाशिंग सेंटर में लाइट नहीं होने के कारण काम बंद रहा। शाम करीब साढ़े छह बजे अर्जुन वाशिंग सेंटर के सामने सड़क के दूसरी तरफ चाय पीने गया।  उसी समय आरोपी वाशिंग सेंटर पर आ गए। आरोपी ने विशाल कोयते और अन्य घातक हथियारों से वार कर घायल कर दिया। वाशिंग सेंटर में काम करने वाला एक कर्मचारी दौड़ता हुआ आया और अर्जुन को इस बारे में बताया। अर्जुन और कर्मचारी वाशिंग सेंटर की ओर जा रहे थे, तभी एक आरोपी ने पिस्टल से हवा में दो से तीन गोलियां चला दीं। फायरिंग से घबराकर इलाके के दुकानदारों ने अपनी दुकानें बंद कर लीं।

    गिरफ्तार आरोपियों न्यायालय में पेश किया गया

    पुलिस ने बताया कि, जब अर्जुन वाशिंग सेंटर पहुंचे, तो आरोपी वहां से भाग चुके थे और विशाल खून से लथपथ पड़ा था। उसके सिर, पेट, पैर और कंधे पर वार किए गए थे। घायल विशाल को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां परीक्षण के दौरान ही डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। दोनों भाई पिछले चार साल से वाशिंग सेंटर चला रहे हैं। पास में ही आरोपी विशाल कांबले का वाशिंग सेंटर भी है। बताया गया कि अर्जुन का वाशिंग सेंटर अच्छा चल रहा था, इसलिए विशाल कांबले ने अपने साथियों के साथ विशाल गायकवाड को एक व्यापारिक होड़ में मार डाला। इसके अलावा 2017 में भी विशाल कांबले के परिवार और अर्जुन के बीच झगड़ा हुआ था। आरोपी के मन में इसका भी गुस्सा था। बहरहाल पुलिस ने इस मामले में 2 नाबालिग लड़कों को हिरासत में लेकर एक महिला समेत आठ लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों को शनिवार को न्यायालय में पेश किया गया। कोर्ट ने आरोपी को दस दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया है।