PCMC gis

    Loading

    पिंपरी: पिंपरी-चिंचवड महानगरपालिका (PCMC) के अंतर्गत आने वाली सभी संपत्तियों का भौगोलिक सूचना प्रणाली (GIS) सर्वेक्षण स्मार्ट सिटी (Smart City)  के माध्यम से किया गया है। पिंपरी-चिंचवड महानगरपालिका के प्रशासक और कमिश्नर शेखर सिंह (PCMC Commissioner Shekhar Singh) ने बताया कि जीआईएस प्रणाली के माध्यम से महानगरपालिका क्षेत्र में राजस्व के लिए बेहतर सेवाएं, संसाधनों की बेहतर योजना, प्राकृतिक संसाधनों का प्रबंधन, पारदर्शी प्रशासन, आपातकालीन प्रबंधन प्रदान किया जाएगा और विभिन्न सॉफ्टवेयर विकसित करके 35 सार्वजनिक सेवाएं प्रदान की जाएंगी।

    स्मार्ट सिटी परियोजना कार्य की समीक्षा के लिए नगर सलाहकार समिति की 11वीं बैठक ऑनलाइन हुई। इस अवसर पर सलाहकारों के माध्यम से पैन सिटी और एबीडी परियोजनाओं के तहत चल रही परियोजनाओं की प्रगति के संबंध में एक प्रस्तुति दी गई। इस मौके पर अतिरिक्त्‍ आयुक्त प्रदीप जांभले- पाटील, सह मुख्य कार्यकारी अधिकारी किरणराज यादव, मुख्य सूचना व तकनीकी अधिकारी नीलकंठ पोमण, मुख्य वित्तीय अधिकारी सुनील भोसले, जनरल मैनेजर (इन्फ्रास्ट्रक्चर) अशोक भालकर, कंपनी सेक्रेटरी चित्रा पंवार आदि उपस्थित थे।  

    ई-क्लास का 80 प्रतिशत काम पूरा

    स्मार्ट सारथी एप के जरिए 1 लाख 85 हजार नागरिकों तक पहुंचा जा चुका है। साथ ही विभिन्न प्रतियोगिताओं और कार्यक्रमों का प्रचार-प्रसार भी जारी है। मर्चेंट मॉड्यूल एप के जरिए शहर के छोटे व्यापारियों को एक प्लेटफॉर्म मुहैया कराया गया है। पिंपरी-चिंचवड महानगरपालिका ई-क्लास का 80 प्रतिशत काम हो चुका है। डोर टू डोर सर्वे चल रहा है। कंट्रोल एंड कमांड सेंटर का काम प्रगति पर है एबीडी परियोजना के तहत 85 प्रतिशत सड़कों का निर्माण पूरा हो चुका है। स्मार्ट बस स्टॉप बनाए जा रहे हैं। स्मार्ट पार्किंग सिस्टम, सीनियर सिटीजन प्लाजा, योग पार्क पर भी काम चल रहा है। ऑप्टिकल फाइबर केबल बिछाई जा रही है। वाईफाई स्थापित है। पोल लगाने का काम पूरा हो चुका है। सिटी सर्विलांस के तहत शहर में निर्धारित क्षेत्रों में सीसीटीवी कैमरे लगाए जा रहे हैं। स्मार्ट ट्रैफिक कैमरे लगाए गए हैं और स्मार्ट सिटी के तहत वीएमडी, कियोस्क, स्मार्ट पर्यावरण मशीन, स्मार्ट वॉटर मीटर, स्मार्ट सीवरेज, सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट आदि परियोजना के काम तेजी से चल रहे हैं। स्मार्ट सिटी को ऑप्टिकल फाइबर केबल और विभिन्न स्मार्ट एलिमेंट से भविष्य की आय के लिए निविदा प्रक्रिया शुरू है। 

     2 लाख 32 हजार संपत्तियों का सर्वेक्षण भी पूरा 

    प्रशासक शेखर सिंह ने कहा कि जीआईएस परियोजना के तहत 2 लाख 32 हजार संपत्तियों का सर्वेक्षण पूरा कर लिया गया है। साथ ही 97 फीसदी सर्वे लिडार तकनीक का इस्तेमाल किया गया है। स्मार्ट सिटी परियोजनाओं के कार्यों को समय से पूरा करने की योजना है। उन्होंने कहा कि महानगरपालिका के संबंधित विभागों को इसमें शामिल किया जा रहा है और परियोजना को जल्द ही नागरिकों के लिए खोल दिया जाएगा।