arrest
File Pic

    Loading

    पिंपरी : दोपहिया वाहनों को चुराकर फर्जी कागजात (Fake Documents) के जरिए उन्हें मराठवाड़ा (Marathwada) में बेचनेवाले गिरोह (Gang) का पर्दाफाश करने में पिंपरी-चिंचवड़ (Pimpri-Chinchwad) की चिखली पुलिस (Chikhli Police) ने कामयाबी हासिल की है। यह गिरोह पिछले कई माहों से पिंपरी-चिंचवड़ में दोपहिया वाहनों की चोरी की वारदातों को अंजाम दे रहा था। ये वारदातें केवल मौज मस्ती के लिए करते थे, ऐसा जांच में सामने आया है। 

    इस गिरोह के चार सदस्यों को गिरफ्तार कर उनसे 19 लाख 22 हजार रुपए के 61 दोपहिये बरामद किए गए हैं। इस मामले में गिरफ्तार किए गए आरोपियों में गोविंद मूलचंद सोलंकी (25), संदेश उर्फ संजय अंकुश जाधव (28), सहाम अब्दुल शेख (26) और आदिनाथ अशोक राजभोज (19) का समावेश है।

    जॉगर्स पार्क से 2 आरोपियों को किया अरेस्ट

    पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, इस गिरोह के सदस्यों ने पिछले आठ से 10 माह से पिंपरी-चिंचवड़ शहर में दोपहिया वाहन चोरी का सिलसिला शुरू किया था। पुलिस इन वारदातों को सुलझाने में जुटी थी। चिखली पुलिस की टीम के पुलिस नाइक विश्वास नानेकर और चंद्रशेखर चोरघे को पैट्रोलिंग के दौरान सोलंकी और जाधव के पास चोरी का दोपहिया रहने और उनके एक बुलेट पर सवार होकर स्पाइन रोड के जॉगर्स पार्क में आने की खबर मिली। इसके अनुसार जाल बिछाकर दोनों को हिरासत में लिया गया।

    फर्जी कागजात बनाकर बेच देते थे दोपहिया वाहन 

    शुरू में दोनों काफी टालमटोल करते रहे थे, लेकिन बाद में स्वीकार किया कि उन्होंने अपने साथी सहाम और आदिनाथ की मदद से यह बुलेट चुराई है। इन चारों ने पिंपरी, चिखली, निगडी परिसर से दोपहिया वाहन चुराकर उनके फर्जी कागजात बनाकर उन्हें खानदेश मराठवाड़ा में बेच देने की जानकारी भी दी। पुलिस ने लातूर, नांदेड, परभणी, नगर, धुले, जलगांव जिलों से 19 लाख 22 हजार रुपए मूल्य के 61 दोपहिया वाहन बरामद किए हैं। चिखली पुलिस थाने के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक सतीश माने, फौजदार विवेक कुमटकर, सहायक फौजदार आनंद चव्हाण के नेतृत्व वाली पुलिस टीम ने इस पूरी कार्रवाई को अंजाम दिया।