Pimpri-Chinchwad Municipal Corporation
Representative Pic

    Loading

    पिंपरी: स्वतंत्रता के अमृत जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में इस वर्ष से पिंपरी-चिंचवड महानगरपालिका (Pimpri-Chinchwad Municipal Corporation) के मुख्य प्रशासनिक भवन और सभी क्षेत्रीय कार्यालयों (Regional Offices) में कार्यालय कार्य दिवसों (Working Days) पर हर दिन सुबह 10 बजे राष्ट्रगान (National Anthem) बजाया जाएगा। इस संबंध में महानगरपालिका कमिश्नर और प्रशासक राजेश पाटिल ने फैसला लिया है। इसकी अमलबाजी भारत के स्वतंत्रता दिवस यानी 15 अगस्त 2022 से होगी।

    देश की आजादी के 75 साल पूरे होने की पृष्ठभूमि में देश में आजादी का अमृत महोत्सव बड़े उत्साह के साथ मनाया जा रहा है। इस मौके पर महानगरपालिका की ओर से शहर में विभिन्न गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। हर घर तिरंगा पहल के तहत महानगरपालिका सभी से हर नागरिक के घर के साथ-साथ सभी सरकारी, अर्धसरकारी, निजी प्रतिष्ठानों और सहकारिता के भवनों पर भी राष्ट्रीय ध्वज फहराने की अपील कर रहा है। भारत दुनिया का सबसे बड़ा लोकतांत्रिक राष्ट्र होने के कारण, विभिन्न जातियों और धर्मों के लोग साथ रहते हैं। देश की समृद्ध और विविध परंपराओं पर हर भारतीय को गर्व है। 

    PCMC बनेगी पहली महानगरपालिका

    इस पृष्ठभूमि में पिंपरी-चिंचवड महानगरपालिका के प्रशासनिक कार्यालय में विभिन्न कार्यों के लिए महानगरपालिका कार्यालय में आने वाले अधिकारियों, कर्मचारियों और नागरिकों के बीच देश के प्रति सम्मान बढ़ाने और देशभक्ति, राष्ट्रीय एकता और महानगरपालिका के मुख्य प्रशासनिक कार्यालय और सभी आठ क्षेत्रीय कार्यालयों में अनुशासन और सकारात्मक ऊर्जा बढ़ाने के लिए कार्य दिवस पर सुबह 10 बजे राष्ट्रगान ‘जन गण मन’ बजाया जाएगा। राष्ट्रगान के माध्यम से देश का गायन हमारे अंदर सकारात्मक ऊर्जा पैदा करता है। इसके अलावा सेवा की भावना भी बढ़ती है। कमिश्नर राजेश पाटिल ने कहा कि इस तरह की पहल करनेवाली पिंपरी-चिंचवड महानगरपालिका राज्य की पहली महानगरपालिका होगी।