पिंपरी: कोरोना महामारी (Corona Pandemic) का नया वेरिएंट ओमीक्रोन (New Variant Omicron) से संक्रमित पिंपरी-चिंचवड़ के एक 52 वर्षीय व्यक्ति की दिल का दौरा (Heart Attack) पड़ने से मौत (Death) हो गई। यह मरीज हालिया नाइजीरिया से पिंपरी-चिंचवड़ लौटा था। महानगरपालिका के वाईसीएम हॉस्पिटल में इलाज के दौरान मंगलवार को दिल का दौरा पड़ने से उसकी मौत हो गई। गुरुवार की रात उसकी ‘ओमीक्रोन` रिपोर्ट पॉजिटिव आई है।
महानगरपालिका के सहायक स्वास्थ्य और चिकित्सा अधिकारी डॉ. लक्ष्मण गोफणे से मिली जानकारी का अनुसार, पिंपरी-चिंचवड़ शहर में अब तक 26 लोग ओमीक्रोन से संक्रमित हो चुके हैं। ओमीक्रोन, अफ्रीका और यूरोपीय देशों में तेजी से फैल रहा है। इसकी गंभीरता को देखते हुए केंद्र और राज्य सरकार ने एहतियाती कदम उठाने के निर्देश दिए हैं। नए वेरिएंट ओमीक्रोन की महानगरपालिका द्वारा जांच की जा रही है।
गुरुवार को मिले ओमीक्रोन के 3 नए मरीज
शहर में गुरुवार को ओमीक्रोन के 3 नए मरीज मिले हैं। इसमें 2 महिला, एक पुरुष मरीज शामिल हैं। इनमें से 1 मरीज नाइजीरिया का है और 2 उसके संपर्क में आए हुए लोग हैं। इनमें नाइजीरिया के 52 वर्षीय पुरुष मरीज की मंगलवार को इलाज के दौरान मौत हो गई। उसकी बीती रात ओमीक्रोन टेस्ट की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है।
ओमीक्रोन से शहर में पहली मौत
नतीजतन, ओमीक्रोन से संक्रमित व्यक्ति की शहर में पहली मौत है। अब तक विदेश से आए 1,591 लोगों और उनके संपर्क में आए लोगों की जांच की जा चुकी है। इनमें से 1495 की रिपोर्ट प्राप्त हुई थी। इसमें 32 विदेश से लौटे और 28 लोग उनके संपर्क में आए लोग पॉजिटिव मिले है। वहीं, 1437 लोगों की रिपोर्ट निगेटिव आई। विदेश से आए 32 पॉजिटिव मरीजों में से 14 ओमीक्रोन से संक्रमित थे। उनके संपर्क में आए 28 पॉजिटिव मरीजों में से 11 ओमीक्रोन पॉजिटिव थे। रैंडम परीक्षण में 1 मरीज ओमीक्रोन संक्रमित मिला है। ओमीक्रोन से मुक्त हुए 15 लोगों को डिस्चार्ज किया जा चुका है।