PCMC

    Loading

    पिंपरी: औद्योगिक नगरी के तौर पर पहचाने जाने वाले पिंपरी-चिंचवड में महानगरपालिका (Pimpri-Chinchwad Municipal Corporation ) के कराधान और कर संग्रहण विभाग ने ‘रिकॉर्ड तोड़’ (Record Breaking) संग्रह किया है। कर संग्रहण विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों के प्रयास से वित्तीय वर्ष 2022-23 के जनवरी माह में महानगरपालिका के कोषालय में 600 करोड़ से अधिक संपत्ति कर की वसूली की जा चुकी है। हालांकि एक लाख 60 हजार आवासीय संपत्ति मालिकों पर अभी भी 450 करोड़ रुपए का संपत्ति कर बकाया है। इस बीच संपत्ति कर (Property Tax) के बड़े बकाया वाले संपत्ति मालिक महानगरपालिका के रडार पर आ गए हैं।

    पिंपरी-चिंचवड शहर में 5 लाख 91 हजार संपत्ति दर्ज है। इस वित्तीय वर्ष 2022-23 में कराधान और कर संग्रह विभाग ने 1000 करोड़ रुपए का लक्ष्य रखा है। वित्तीय वर्ष की शुरुआत से यानी 1 अप्रैल 2022 से अब तक 600 करोड़ रुपए की संपत्ति कर की वसूली की जा चुकी है। यह रिकॉर्ड तोड़ वसूली कराधान और कर संग्रह विभाग द्वारा घोषित विभिन्न राहत योजनाओं और जब्ती अभियानों के कारण हुई है। साथ ही विभाग ने अधिक से अधिक कर वसूली के लिए शहर में बकाएदारों को नोटिस जारी कर जब्ती अभियान तेज कर दिया है। कराधान विभाग के सहायक आयुक्त देशमुख ने बकाएदारों पर फोकस किया है। नतीजन बकाया टैक्स वसूली सफल हो रही है। संपत्ति मालिक चालू वर्ष के बकाये और करों का भुगतान कर महानगरपालिका का सहयोग करें और शहर के विकास में अपना योगदान दें, यह अपील देशमुख ने की है।

    500 से ऊपर की संपत्तियां सील

    कराधान और कर संग्रहण विभाग ने महानगरपालिका कमिश्नर और प्रशासक शेखर सिंह के निर्देशन और मार्गदर्शन में जब्ती अभियान तेज कर दिया हैं। इस अभियान में बड़ी संख्या में फ्लैट और व्यावसायिक संपत्ति को जब्त किया जा रहा हैं। महानगरपालिका से प्राप्त आंकड़ों के अनुसार, 28 जनवरी 2023 तक संपत्ति कर का भुगतान नहीं करने पर 526 संपत्तियों को सील किया गया है। इसके अलावा अब तक 8,836 जब्ती वारंट जारी किए जा चुके हैं। साथ ही 3,225 संपत्तियों पर कुर्की आदेश के तहत कार्रवाई की गई है। जब्ती की कार्रवाई के बाद 2,812 संपत्तियों से कर वसूल किया गया है। जब्ती की कार्रवाई से वसूले गए कर की राशि 43 करोड़ 68 लाख 21 हजार 232 रुपए है।कराधान और कर संग्रह विभाग ने मूल कर और 10,000, 25,000 और 50,000 रुपये से अधिक बकाया वाली संपत्तियों को पूर्व-जब्ती नोटिस जारी करना शुरू कर दिया है।  

    चालू वित्त वर्ष में इस विभाग द्वारा अब तक भेजे गए नोटिसों की संख्या इस प्रकार है-

    • 10 हजार रुपए से ज्यादा बकाया: 44679
    • 25 हजार रुपए से ज्यादा बकाया: 36549
    • 50 हजार रुपए से ज्यादा बकाया: 26760
    • 5 लाख से अधिक कर बकाया: 1360
    • एक बार भी संपत्ति कर का भुगतान न करने वाले बकायेदार: 3850

    वित्तीय वर्ष के 10 महीनों में 600 करोड़ से अधिक संपत्ति कर एकत्र किया गया है। हालांकि, एक बड़ा फोकस अभी हासिल किया जाना बाकी है। वित्तीय वर्ष 2022-23 के समाप्त होने में फरवरी और मार्च दो माह शेष हैं। महानगरपालिका ने इन दो माह में शेष संपत्ति करदाताओं से कर वसूलने की योजना बनाई है। जिन करदाताओं ने अभी तक संपत्ति कर का भुगतान नहीं किया है, वे संपत्ति कर संग्रह के 1000 करोड़ रुपए के लक्ष्य को पूरा करने के लिए तत्काल कर का भुगतान कर महानगरपालिका का सहयोग करें।

    -शेखर सिंह, कमिश्नर और प्रशासक, पिंपरी-चिंचवड महानगरपालिका

    संपत्ति कर महानगरपालिका की आय का मुख्य स्रोत है। बार-बार टैक्स चुकाने की अपील के बावजूद टैक्स नहीं देने वाले संपत्ति मालिकों के खिलाफ कड़ा रुख अख्तियार करते हुए जब्ती का अभियान शुरू कर दिया है। इसमें 10,000 रुपए और 25,000 रुपए से कम की संपत्ति के लिए पूर्व-जब्ती नोटिस जारी करना शुरू कर दिया है। सभी जब्ती वारंटों को सख्ती से लागू किया जा रहा है। सोसायटी के अलावा एक लाख से अधिक बकाया राशि वाली आवासीय संपत्तियों के कनेक्शन काटे जा रहे हैं।

    -नीलेश देशमुख, सहायक आयुक्त, कराधान और कर संग्रह विभाग, पिंपरी-चिंचवड महानगरपालिका