bar
file

    Loading

    पिंपरी: मसाज पार्लर के नाम पर एक दंपति द्वारा देह व्यापार चलाए जाने का मामला अभी ताजा ही है कि पिंपरी-चिंचवड़ पुलिस (Pimpri-Chinchwad Police) के सामाजिक सुरक्षा विभाग की टीम ने मुंबई-बेंगलुरु हाइवे (Mumbai-Bengaluru Highway) पर देहूरोड (Dehuroad) में एक लॉज में देह व्यापार का पर्दाफाश किया है। इस कार्रवाई में 10 महिलाओं को छुड़ाया गया और एक आरोपी को गिरफ्तार (Arrested) किया गया। इसमें 4 महिला पश्चिम बंगाल, 2 कर्नाटक, 1 आसाम और 3 महिला महाराष्ट्र की है। इस लॉज का मैनेजर ही इन महिलाओं से वेश्यावृत्ति कराता था, यह सामने आया है। 

    सामाजिक सुरक्षा विभाग को देहुरोड परिसर में मुंबई-बेंगलुरु महामार्ग पर स्थित हॉटेल द्वारका लॉजिंग में देह व्यापार का रैकेट चलाने की जानकारी मिली थी। इसकी पुष्टि करने के बाद तीन अधिकारियों समेत 13 पुलिसकर्मियों की टीम ने यहां छापा मारा। इस दौरान यहां 10 महिलाएं पायी गई, जिनसे यहां वेश्यावृत्ति कराई जा रही थी। लॉज का मैनेजर उनसे यह घिनौना काम कराता था। 

    पुलिस ने लॉज के मैनेजर को किया अरेस्ट

    पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी एजेंट ग्राहकों से तीन हजार रुपए लेकर महिलाओं को मात्र 500 रुपए देकर उनसे देहव्यापार कराता था। इस कार्रवाई में 2 मोबाइल समेत 25 हजार 700 रुपए नकदी बरामद की गई है।  इस प्रकरण में पुलिस ने लॉज के मैनेजर गविरंगा गौडा (38) को गिरफ्तार कर 10 महिलाओं को छुड़ाया है। उन्हें पुणे की एक स्वयंसेवी संस्था के सुपुर्द किया गया है। उनके परिवार के साथ संपर्क होने के बाद उन्हें उनके परिवार को सौंपा जाएगा। बहरहाल पिछले सप्ताह ही पिंपरी चिंचवड पुलिस के सामाजिक सुरक्षा विभाग की टीम ने मसाज पार्लर की आड़ में चल रहे देह व्यापार का पर्दाफाश किया था। पिंपरी के जिंजर होटल में ओरेन्जेनो स्पा में यह छापेमारी की गई थी। इस कार्रवाई में एक दंपति को गिरफ्तार कर तीन महिलाओं को छुड़ाया था। इसमें दो महिला नागालैंड और एक महिला महाराष्ट्र की थी।