MP Assembly Election 2023
MP Assembly Election 2023

Loading

पुणे: दिवंगत नेता गिरीश बापट (Girish Bapat) के निधन से पुणे लोकसभा सीट खाली हुई है। 2024 के आम लोकसभा चुनाव के लिए अभी एक साल का समय बाकी है। ऐसे में पुणे लोकसभा के उपचुनाव (Pune Lok Sabha By-Election) को लेकर आशंका जताई जा रही थी। इसी बीच जानकारी मिली है कि पुणे जिला निर्वाचन विभाग ने पुणे लोकसभा उपचुनाव की तैयारी पूरी कर ली है। पिछले 17 दिनों से जिला निर्वाचन विभाग उपचुनाव (By-Election) की तैयारी कर रहा है। तैयारियां पूरी होने की रिपोर्ट 30 मई को केंद्रीय चुनाव आयोग को भेजी जाएगी। ऐसे में अगले कुछ दिनों में चुनाव की घोषणा होने की संभावना है।

पुणे लोकसभा सांसद गिरीश बापट का निधन 29 मार्च 2023 को हुआ। बापट के निधन से यह सीट खाली हुई है। इसकी जानकारी जिला प्रशासन ने केंद्रीय चुनाव आयोग को भेज दी थी। अगले साल यानी अप्रैल 2024 में लोकसभा के आम चुनाव होने वाले है। इसलिए महज कुछ महीनों के लिए पुणे लोकसभा के लिए उपचुनाव होगा या नहीं, इस बात की चर्चा चल रही थी। लेकिन, जिला प्रशासन द्वारा पिछले कुछ दिनों से चल रही तैयारियों को देखते हुए अगले कुछ दिनों में उपचुनाव की घोषणा होने की संभावना जताई जा रही है।

मतदान केन्द्र तय करने का काम पूरा

पुणे जिला निर्वाचन विभाग पिछले 17 दिनों से तैयारी कर रहा है। मतदाता सूचियों का अपडेशन, मतदान केन्द्रों की निश्चित कार्य पूरा कर लिया गया है। साथ ही चुनाव आयोग ने जिला प्रशासन को बैलेट यूनिट, कंट्रोल यूनिट और वीवीपैट जैसी कुल 12 हजार 600 मशीनें सौंप दी है। साथ ही कर्नाटक से 4 हजार 220 ईवीएम, 5 हजार 700 वीवीपीएटी मशीने पुणे पहुंच चुकी है। इसके लिए 300 इंजीनियरों की नियुक्ति और मशीनों पर पुणे उपचुनाव के स्टिकर लगाए गए हैं। इससे जल्द ही चुनाव की घोषणा होने की आशंका है।

इन उम्मीदवारों की चर्चा

कर्नाटक चुनाव में कांग्रेस को मिली भारी जीत से महाविकास आघाड़ी के कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ा हुआ हैं। इसके कारण पुणे लोकसभा उपचुनाव के लिए महाविकास आघाड़ी में से कई इच्छुक उम्मीदवारों ने अपनी दावेदारी पेश की है। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के शहर अध्यक्ष प्रशांत जगताप, एनसीपी के नेता दीपक मानकर, कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष मोहन जोशी, कांग्रेस शहर अध्यक्ष अरविंद शिंदे सहित कई नेता लोकसभा चुनाव के लिए इच्छुक है। वहीं, बीजेपी से स्वरदा बापट, संजय काकडे, मेधा कुलकर्णी सहित कई नामों की चर्चा चल रही हैं।

पुणे लोकसभा सीट का गणित

पुणे लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र में छह विधानसभा क्षेत्र शामिल हैं। इसमें वडगांवशेरी, शिवाजीनगर, कोथरुड, पर्वती, पुणे कैंटोन्मेंट और कसबा विधानसभा क्षेत्र शामिल है। पुणे लोकसभा क्षेत्र में कुल मतदाताओं की संख्या 19 लाख 72 हजार है। पुणे लोकसभा क्षेत्र में विधानसभा की छह में से चार सीटें बीजेपी के पास हैं, जबकि कांग्रेस और एनसीपी के पास एक-एक विधायक हैं। हालांकि, पिछले विधानसभा चुनाव में आघाड़ी और बीजेपी-शिवसेना के उम्मीदवारों में इन सभी सीटों पर कांटे की टक्कर हुई थी। अब राज्य में बदलते सत्ता समीकरणों में शिवसेना अब महाविकास आघाड़ी में शामिल हुई है। इसके कारण महाविकास आघाडी के पक्ष में माहौल बताया जा रहा है।