File
File

    Loading

    पिंपरी: विवाहित महिलाओं की प्रताड़ना के बढ़ते मामले चिंताजनक हैं। पिंपरी-चिंचवड पुलिस (Pimpri-Chinchwad Police) की सीमा में ऐसे तीन मामले सामने आए हैं जिसमें विवाहित महिलाओं (Married Women )को कभी दहेज (Dowry) के लिए तो कभी उनके चरित्र पर संदेह जताकर उन्हें प्रताड़ित किया गया। ये मामले दिघी, भोसरी और तलेगांव दाभाड़े पुलिस थानों की सीमा से सामने आए हैं।

    दिघी पुलिस थाने में दर्ज शिकायत के अनुसार, एक 22 वर्षीय विवाहिता को कारोबार के लिए उसके पिता से पांच लाख रुपए लाने के लिए शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित किया गया। 14 अगस्त 2021 से 25 अप्रैल 2022 के बीच दिघी में घटी इस घटना में महिला की शिकायत के आधार पर उसके पति भागवत श्रीरंग खरात (23), ससुर श्रीरंग खरात, जेठ केशव श्रीरंग खरात, कृष्णा श्रीरंग खरात, जेठानी (सभी निवासी सोनपेठ, परभणी), ननद, ननदोई अभिमान अर्जुन शिंदे (निवासी दिघी) और बीड के माजलगांव निवासी ननद के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। 

    चरित्र पर शक कर घर से निकाला

    भोसरी पुलिस थाने में एक 30 वर्षीय महिला की शिकायत के आधार पर उसके पति अनिकेत प्रभाकर काले (38), सास-ससुर प्रभाकर बबनराव काले (60), जेठ अमोल प्रभाकर काले (42), जेठानी (सभी निवासी शिंदेवाडी, आंबेगांव), 40 वर्षीय ननद, ननदोई नितीन शंकर शिंदे (46, ऐरोली, नवी मुंबई) के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। महिला की शिकायत है कि उसके पति और ससुराल वालों ने उसके चरित्र पर शक करते हुए उसे घर से निकाल दिया और उसके 16 तोला सोने के जेवर और भाई के साढ़े छह लाख रुपए लेकर उसके साथ धोखाधड़ी की।

    मानसिक प्रताड़ना का मामला

    इसके साथ ही सोमटने फाटा की शिंदेबस्ती में दहेज में कुछ न लाने के मुद्दे पर एक 26 वर्षीय विवाहित को मानसिक रूप से प्रताड़ित किये जाने का मामला सामने आया है। 9 मार्च 2021 से 22 मई 2022 के बीच हुई इस घटना को लेकर महिला की शिकायत पर तलेगांव दाभाड़े पुलिस ने सुजय अशोक गायकवाड (31), अशोक गणपत गायकवाड (55), मीना अशोक गायकवाड (50) और सुशांत अशोक गायकवाड (29, शिंदेबस्ती, सोमाटणे, मावल, पुणे) के खिलाफ मामला दर्ज किया है।