voter list

    Loading

    पुणे: पुणे महानगरपालिका चुनाव (Pune Municipal Corporation Election) के लिए राज्य चुनाव आयोग (State Election Commission ) द्वारा घोषित किए गए प्रारुप मतदाता सूची (Voter List) में 2017 की तुलना में 2022 के चुनाव के लिए 8 लाख 23 हजार 916 मतदाता (Voters) बढ़ गए है। इनमें चौंकाने वाली बात यह है कि प्रभाग क्रमांक 54 में 1 लाख 3 हजार 959 मतदाता है। यह एक लाख से अधिक मतदाता वाला एकमात्र प्रभाग है। ऐसे में एक प्रभाग में इतने मतदाता कैसे बढ़ गए इसे लेकर सवाल खड़े हो गए है। जबकि प्रभाग क्रमांक 24 में सबसे कम 34 हजार 80 मतदाता है। यह मतदाता संख्या प्रारुप सूची के है। 

    नागरिक, राजनीतिक पार्टियों के शिकायत के बाद इसमें बदलाव की बात प्रशासन की तरफ से भरोसा दिया गया है। प्रारुप मतदाता सूची को लेकर अतिरिक्त आयुक्त रवींद्र बिनवडे ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में जानकारी दी। चुनाव विभाग के उपायुक्त यशवंत माने, संदीप कदम इस मौके पर उपस्थित थे।

    2900 मतदाता सूची तैयार की गई

    राज्य चुनाव आयोग ने 31 कई 2022 को विधानसभा के लिए फाइनल मतदाता सूची जारी की। यह सूची महानगरपालिका चुनाव के लिए भी इस्तेमाल की जाएगी। 34 लाख 54 हजार 714 मतदाताओं के लिए 2900 मतदाता सूची तैयार की गई है। प्रभाग रचना के अनुसार इसे बांटा गया है। इस प्रारुप रचना पर आपत्ति और सुझाव के लिए 1 जुलाई तक की अवधि दी गई है।

    आपत्तियों की जांच के लिए टीम

    प्रारुप मतदाता सूची पर दर्ज कराई गई आपत्तियों की पड़ताल के लिए प्रत्येक क्षेत्रीय कार्यालय स्तर पर 10 लोगों की टीम तैयार की गई है। आपत्तियों की जांच के लिए प्रत्यक्ष जगह पर जाकर निरीक्षण किया जाएगा। उसमें सच्चाई होगी तो बदलाव किए जाएंगे। ये सारे बदलाव 8 जुलाई तक करके 9 जुलाई को फाइनल मतदाता सूची घोषित की जाएगी। यह जानकारी उपायुक्त यशवंत माने ने दी है।