Brijesh-Dixit

    Loading

    पुणे. भविष्य का विचार करते हुए पुणे शहर (Pune City) में मेट्रो (Metro) की तुलना में कम कीमत, लेकिन उतना ही प्रभावी निओ मेट्रो (Neo Metro) लाने का महामेट्रो का विचार है। इससे पुणे शहर पर बढ़ते ट्रैफिक दबाव में काफी कमी आ सकती है। देश में पहली निओ मेट्रो नासिक शहर में प्रस्तावित है। इसके बाद अब पुणे शहर पर विचार किया जा रहा है। महाराष्ट्र मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन लिमिटेड के प्रबंध निदेशक डॉ. ब्रिजेश दीक्षित (Dr. Brijesh Dixit) ने क्रेडाई पुणे मेट्रो की तरफ से आयोजित 38वीं सर्वसाधारण सभा में इसकी जानकारी दी है। 

    दीक्षित ने कहा कि निओ मेट्रो की यात्रा क्षमता प्रति घंटे 15 हज़ार यात्रियों की होगी। मेट्रो की तुलना में इसकी कीमत 60 से 70 करोड़ रुपए प्रति किलोमीटर होगी। एयरपोर्ट के साथ सभी जगहों पर मेट्रो द्वारा फिडर सर्विस की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। निजी वाहनों की बढ़ती संख्या के साथ-साथ बढ़ते प्रदूषण पर अंकुश लगाना भी इससे संभव होगा।  महामेट्रो के जरिये पुणे और पिंपरी-चिंचवड़ शहर में चल रहे मेट्रो प्रोजेक्ट से शहर के मुख्य क्षेत्रों के साथ आसपास के क्षेत्रों को भी जोड़ा जाएगा। 

    शहर के विकास को गति मिलेगी

    नागरिकों को सफर करने के लिए मेट्रो जैसी सर्वोत्तम और समय बचाने वाला विकल्प उपलब्ध होने से इसका सकारात्मक परिणाम बिल्डर्स पर होगा। मेट्रो प्रोजेक्ट के कारण शहर के निर्माण कार्य व्यवसाय प्रोजेक्ट को कैसे फायदा हो सकता है? इस विषय पर दीक्षित ने कहा कि कोविड का प्रकोप कम होने के बाद से पुणे शहर में मेट्रो प्रोजेक्ट का काम तेज़ गति से चल रहा है। भविष्य में शहर में मेट्रो चलती नजर आएगी। इसके साथ ही शहर के विकास को गति मिलेगी। निर्माण कार्य व्यवसाय क्षेत्र को इसका विशेष लाभ मिलेगा। मेट्रो प्रोजेक्ट के रूट में प्रोजेक्ट के लिए बिल्डर को अतिरिक्त एफएसआई उपलब्ध होगा।

    सफर के वक़्त में भी कमी आएगी

    इसके साथ ही शिवाजीनगर और स्वारगेट के मल्टी मोडल स्टेशन को भी इसका फायदा मिल सकता है। पुणे मेट्रो के आर्किटेक्ट शितेश अग्रवाल ने कहा कि मेट्रो प्रोजेक्ट और मेट्रो स्टेशन के आसपास बड़े पैमाने पर विकास होगा। इससे शहर में बड़ा बदलाव आएगा। मेट्रो प्रोजेक्ट के करीब निर्माण कार्य का मूल्य भविष्य में निश्चित रूप से बढ़ी नज़र आएगी। घर से कार्यालय तक के सफर के वक़्त में भी कमी आएगी।  इसके कारण शहर की पुनर्रचना के लिए क्रेडाई सदस्यों से मिलकर और एकत्रित काम करने की उम्मीद कर रहे है।