pune fire

    Loading

    पुणे: पुणे (Pune) के वडगांव शेरी (Vadgaon Sheri) इलाके में सिलाई की दुकान पर नौकरी से बर्खास्त करने के विवाद के बाद एक 35 वर्षीय व्यक्ति ने महिला (Woman) को आग (Fire) के हवाले कर दिया। इस दौरान वह खुद भी गंभीर रूप से जल गया और उसकी मौत गई, जबकि महिला गंभीर रूप से घायल बताई जा रही है। एक तीसरा व्यक्ति, जिसने बीच-बचाव करने की कोशिश की वह भी आग में झुलस गया।

    पुणे सिटी फायर ब्रिगेड द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, पुणे-अहमदनगर रोड़ पर वडगांव शेरी के सोमनाथ नगर इलाके में एक सिलाई की दुकान में आग लगने की सूचना स्थानीय नागरिकों से सोमवार रात करीब 11.55 बजे मिली। आस-पास के फायर स्टेशनों से कई दमकल गाड़ियों को मौके पर भेजा गया। 

    2 लोगों का चल रहा अस्पताल में इलाज

    पुणे शहर के मुख्य अग्निशमन अधिकारी सुनील गिड़बिले ने कहा कि जब तक दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं, स्थानीय लोगों ने आग पर काबू पा लिया था और दो घायलों को अस्पताल पहुंचाया था। तीसरे घायल व्यक्ति को दमकल रेस्क्यू वैन में अस्पताल ले जाया गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, एक व्यक्ति, जो 90 प्रतिशत तक जल गया था, ने दम तोड़ दिया। दो लोगों का इलाज अस्पताल में चल रहा है।

    पुलिस की जांच जारी

    पुलिस ने मृतक की पहचान मिलिंद नाथसागर (35) और गंभीर रूप से घायल महिला की पहचान बाला जनिंद (32) के रूप में की है, जो 90 प्रतिशत तक जल चुकी है। तीसरा व्यक्ति लगभग 35 प्रतिशत तक जल चुका है, लेकिन अभी तक उसकी पहचान नहीं हो सकी है। चंदन नगर थाने के प्रभारी निरीक्षक सुनील जाधव ने कहा कि प्राथमिक जांच से पता चलता है कि नाथसागर को जनिंद ने उसकी सिलाई की दुकान से बर्खास्त कर दिया था, जिसके कारण उनका विवाद हो रहा था। शनिवार की देर रात नाथसागर दुकान पर गए और जनिंद पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी। दुकान में लगी आग में जनिंद के साथ-साथ नाथसागर खुद भी गंभीर रूप से झुलस गया। उन्होंने बताया कि मामले की जांच जारी है।