BJP leader Nitesh Rane
नितेश राणे (फाइल फोटो)

Loading

मुंबई: महाराष्ट्र विधानमंडल में बजट सत्र (Maharashtra Budget Session) के तीसरे दिन विधानसभा की कार्यवाही शुरु होते ही  दोनों सदनों में बुधवार को संजय राउत (Sanjay Raut) के एक बयान पर घमासान हो गया।  इसी दौरान बीजेपी विधायक नितेश राणे ने राज्यसभा सांसद संजय राउत के खिलाफ एक विवादास्पद बयान दिया है। बता दें कि, इससे पहले संजय राउत ने अपने कोल्हापुर दौरे पर कहा था, महाराष्ट्र में विधानमंडल नहीं चोर मंडली है। 

संजय राउत के इस बयान को लेकर भाजपा और शिंदे गुट शिवसेना (उद्धव गुट) सांसद के खिलाफ आक्रामक हो गए। उन्होंने इसे महाराष्ट्र विधानमंडल का अपमान बताया। साथ ही संजय राउत के खिलाफ विशेषाधिकार उल्लंघन का प्रस्ताव लाने की भी मांग की गई।

बीजेपी विधायक नितेश राणे ने विधानसभा में कहा, ‘अध्यक्ष महोदय संजय राउत की दस मिनट के लिए पुलिस सुरक्षा हटा दी जाए तो वे दोबारा दिखाई नहीं देंगे। ये वही संजय राउत हैं जिन्होंने कभी लिखा था कि बालासाहेब ठाकरे और उनकी पत्नी के बीच पटती नहीं है। वे पुलिस सुरक्षा में घिरे रहते हैं। यह सरकार का दिया हुआ संरक्षण है।’

विधानसभा अध्यक्ष को संबोधित करते हुए नितेश राणे ने आगे कहा, ‘हमें रोज सुबह संजय राउत को सुनना पड़ता है। महाराष्ट्र को इसकी जरूरत है क्या? हमने उनका क्या खाया है। राउत और शिवसेना का क्या संबंध है। सामना में आने से पहले वे शिवसेना के खिलाफ लिखा करते थे। उनकी इतनी हिम्मत हो गई थी कि उन्होंने हिंदू हृदय सम्राट बाला साहेब ठाकरे के खिलाफ लिखा, शिवसेना के खिलाफ लिखा। उनका मार्मिक में छापा गया कार्टून देखें। देश के गृहमंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के बारे में ऐसा छापा जा सकता है क्या? उन्हें गाली दे सकते हैं क्या?संजय राउत का 10 मिनट के लिए सिक्योरिटी हटा दें, वे कल दिखाई नहीं देंगे, यह साफ कहता हूं।’

छोटे-छोटे बच्चों पर क्या ध्यान देना: सुषमा अंधारे

ठाकरे गुट की नेता सुषमा अंधारे ने पलटवार करते हुए कहा, ‘छोटे-छोटे बच्चों पर क्या ध्यान देना…बच्चा है। हमें उस पर नहीं बोलना। कुछ बच्चों को शौक होता है कि घड़ी-घड़ी उन पर सबका ध्यान जाए। नारायणराव राणे के बच्चों पर बीजेपी ध्यान नहीं दे रही, इसलिए यह स्थिति है।’

चालीस विधायक संजय राउत से घबरा गए

नितेश राणे की इस धमकी पर संजय राउत के भाई सुनील राउत ने कहा, ‘चालीस विधायक (शिंदे की शिवसेना) संजय राउत से घबरा गए हैं। संजय राउत अपने बयान पर कभी माफी नहीं मांगेंगे। उन्होंने पहले भी साढ़ें तीन महीने जेल में रहना कबूल किया लेकिन बीजेपी के सामने घुटने नहीं टेके, माफी नहीं मांगी। नितेश राणे जगह बताएं, हम वहां आने को तैयार हैं।’