elon-musk
File Photo

    Loading

    मुंबई: महाराष्ट्र (Maharashtra) के मंत्री जयंत पाटिल (Jayant Patil) ने एलन मस्क (Elon Musk) को महाराष्ट्र में आने के लिए आमंत्रित किया है। अमेरिकी इलेक्ट्रिक कार निर्माता कंपनी टेस्ला (Tesla) के सीईओ एलन मस्क को महाराष्ट्र में अपनी प्रोडक्शन यूनिट स्थापित करने के लिए ट्वीटर के ज़रिए आमंत्रित किया है। पाटिल ने रविवार को ट्वीट करते हुए कहा है कि, महाराष्ट्र सरकार उन्हें हर संभव मदद करेगी। 

    महाराष्ट्र के जल संसाधन मंत्री, जयंत पाटिल ने मस्क को आश्वासन देते हुए कहा कि, ”महाराष्ट्र भारत के सबसे प्रगतिशील राज्यों में से एक है। हम आपको भारत में काम करने के लिये महाराष्ट्र की ओर से सभी आवश्यक सहायता प्रदान करेंगे। हम आपको महाराष्ट्र में अपना विनिर्माण संयंत्र स्थापित करने के लिए आमंत्रित करते हैं।”

    दरअसल, टेस्ला के उत्पादों को भारत में शुरू करने की योजनाओं के संबंध में मस्क द्वारा ट्वीट किए जाने के बाद पाटिल ने उन्हें ट्विटर पर महाराष्ट्र आने का न्योता दिया है। इससे पहले तेलंगाना के मंत्री के. टी. राव ने भी मस्क को अपने राज्य में निवेश के लिये आमंत्रित किया था। बता दें कि, मस्क ने बीते गुरुवार को कहा था कि, भारत में उत्पाद पेश करने के लिए कंपनी को सरकारी स्तर पर बहुत चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने इस संबंध में ट्वीट किया था और लिखा था कि, ‘‘सरकार के स्तर पर कई चुनौतियों का सामना अब भी करना पड़ रहा है।’’

    टेस्ला ने पिछले साल भारत में इलेक्ट्रिक वाहनों पर आयात शुल्क में कटौती की मांग की थी। भारी उद्योग मंत्रालय ने टेस्ला से कहा था कि वह पहले भारत में अपने इलेक्ट्रिक वाहनों का विनिर्माण शुरू करे, उसके बाद ही किसी कर छूट के बारे में विचार किया जा सकता है।