नवी मुंबई. राज्य के गृहमंत्री के खिलाफ कामोठे के सेक्टर- 36 में भाजपा के पदाधिकारियों ने अपने कार्यकर्ताओं के साथ मिल विरोध प्रदर्शन (Protest) किया था। इस मामले में अब कामोठे पुलिस (Kamothe Police) ने कोरोना (Corona) के नियमों (Rules) का उल्लंघन करने का हवाला देते हुए भाजपा (BJP) के 25 पदाधिकारियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
गौरतलब है कि मुंबई के तत्कालीन पुलिस कमिश्नर परमवीर सिंह के द्वारा राज्य के गृहमंत्री अनील देशमुख पर पुलिस से उगाही कराने का आरोप लगाया है। जिसे लेकर भाजपा के पदाधिकारियों ने देशमुख को पद से हटाने की मांग करने के लिए 21 मार्च 2021 को कामोठे में विरोध प्रदर्शन करने का ऐलान किया था। जिसे कामोठे पुलिस स्टेशन के द्वारा अनुमति नहीं दी गई थी। इसके बावजूद भाजपा के पदाधिकारी विरोध प्रदर्शन करने के लिए कामोठे के सेक्टर-36 में जामा हुए थे।
5 से अधिक लोगों के एकत्र होने लगाया गया है प्रतिबंध
गौरतलब है कि कोरोना के संक्रमण की रोकथाम करने के लिए नवी मुंबई पुलिस आयुक्तालय के तहत आनेवाले क्षेत्रों में सार्वजनिक ठिकानों पर 5 से अधिक लोगों के एकत्र होने पर प्रतिबंध लगाया गया है। इसके बावजूद भाजपा के पदाधिकारियों ने एकत्र होकर विरोध प्रदर्शन किया। जिसे गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने भाजपा के रविंद्र जोशी, हर्षवर्धन पाटिल, अरूण भगत, सुरेंद्र घरत, हैप्पी सिंह, पुष्पा कुत्तरवरड़े समेत 25 लोगों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कानून का उल्लंघन करने का मामला दर्ज किया है।