Swachh Survekshan 2023

Loading

नवी मुंबई: नेरुल में एनआरआई कॉम्प्लेक्स (NRI Complex) नवी मुंबई ( Navi Mumbai) क्षेत्र में एक बहुत बड़ी सोसायटी है, जिसके फेज-2 की इमारतों के घरों से हर दिन निकलने वाले गीले कचरे (Wet Waste) का निपटारा सोसायटी के परिसर में किया जाता है। इसके लिए इस सोसायटी में 500 किलो की क्षमता का कंपोस्ट पिट बनाया गया है। जिसमें हर दिन 400 किलो गीले कचरे से जैविक खाद (Organic Fertilizer) तैयार की जाती है। जिसका उपयोग इस सोसायटी के बगीचे में किया जाता है।

गौरतलब है कि नवी मुंबई महानगरपालिका द्वारा स्वच्छ सर्वेक्षण में नवी मुंबई को देश का सबसे स्वच्छ शहर बनाने पर फोकस किया गया है। जिसके लिए नवी मुंबई महानगरपालिका कमिश्नर राजेश नार्वेकर ने कचरे का तीन तरह से वर्गीकरण कराने पर जोर दिया है। जिसके तहत महानगरपालिका क्षेत्र में गीला, सूखा और घरेलू रूप से खतरनाक कचरे का वर्गीकरण कराया जा रहा है। 

हर दिन 100 मीट्रिक टन से अधिक कचरा निकलता है

नवी मुंबई महानगरपालिका क्षेत्र में जिन बड़े संगठनों, सोसायटियों और होटलों में हर दिन 100 मीट्रिक टन से अधिक कचरा निकलता है, वह अपने परिसर में गीले कचरे पर प्रक्रिया करें, इस पर महानगरपालिका द्वारा विशेष ध्यान दिया जा रहा है। नेरुल स्थित एनआरआई कॉम्प्लेक्स के फेज-2 में रहने वाले नागरिकों द्वारा उक्त बात पर अमल किया जा रहा है।

कचरे के परिवहन की लागत में होती है बचत

नवी मुंबई महानगरपालिका क्षेत्र में तीन प्रकार से कचरे का वर्गीकरण होने से डंपिंग ग्राउंड में हर दिन जाने वाले कचरे की मात्रा कम कम होती है, जिसकी वजह से कचरे के परिवहन पर होने वाले खर्च में बचत होती हैं। नेरुल की उक्त सोसायटी में गीले कचरे से बनाई जा रही खाद के स्थल का महानगरपालिका कमिश्नर राजेश नार्वेकर ने दौरा कर के निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने वहां पर मौजूद सोसायटी के निवासियों से बातचीत करते हुए उनके काम की सराहना की। इस मौके पर कमिश्नर ने निवासियों से उक्त प्रक्रिया को निरंतरता को बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि स्वच्छता नियमित रूप से की जाने वाली चीज है। इसलिए इसके बारे में विशेष ध्यान देने की जरूरत है।

स्वच्छता में नवी मुंबई को नंबर वन बनाने पर जोर

गौरतलब है कि विगत वर्षों की तरह ही साल भी स्वच्छ सर्वेक्षण-2023 में नवी मुंबई को स्वच्छता के मामले में देश में नंबर वन बनाने के लिए नवी मुंबई महानगरपालिका द्वारा हर संभव प्रयास किया जा रहा हैं। जिसके लिए महानगरपालिका कमिश्नर राजेश नार्वेकर के माध्यम से स्वच्छता की कार्यों पर विशेष ध्यान दिया जा रहा हैं। हाल ही में कमिश्नर ने स्वच्छता को लेकर समीक्षा बैठक की। जिसमें उन्होंने महानगरपालिका के सभी विभाग कार्यालय के अधिकारियों को स्वच्छता अभियान में तेजी लाने का निर्देश दिया था।

शहर की स्वच्छता के मामले में नवी मुंबई महानगरपालिका द्वारा हर स्तर पर काम किया जा रहा है। नागरिकों की भागीदारी से इस शहर को अब तक राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर कई पुरस्कार हासिल हुए हैं। स्वच्छता के मामले में नवी मुंबई राज्य में प्रथम और देश में तीसरे स्थान पर है। राज्य की तरह ही देश में प्रथम स्थान हासिल करने के लिए सभी का सहयोग जरूरी हैं।

-राजेश नार्वेकर, कमिश्नर, नवी मुंबई महानगरपालिका