Gas leak from Ambernath Chemical Company, 31 employees of two companies affected

    Loading

    अंबरनाथ : अंबरनाथ (Ambernath) के आनंदनगर औद्योगिक क्षेत्र (Anandnagar Industrial Area) स्थित एक केमिकल कंपनी (Chemical Company) के प्लांट में  केमिकल पर प्रक्रिया करते समय हुई गड़बड़ी के चलते गैस रिसाव (Gas leak) से  31 कर्मचारी (Employees) प्रभावित हुए है। सभी को उल्हासनगर स्थित सरकारी सेंट्रल अस्पताल में भर्ती किया गया है। जहां सभी खतरे से बाहर बताए जा रहे है।

    मिली जानकारी के अनुसार स्थानीय आनंदनगर औद्योगिक क्षेत्र के प्लॉट नंबर  एन 10/1 स्थित आरके  केमिकल कंपनी की यह घटना है। ऊक्त कंपनी में सल्फ्यूरिक एसिड को क्युरिफायर किया जाता है। इस प्रोसेस के समय गैस रिसाव शुरू हुआ। कंपनी प्रबंधन ने अपने मौजूदा स्टॉफ के माध्यम से मात्र 5 मिनट में गैस रिसाव को काबू में कर लिया। आरके केमिकल से निकले रसायन युक्त गैस से इस कंपनी से सटी प्रेस फिट पाइप एंड प्रोफाइल नामक कंपनी में काम करने वाले कर्मचारी प्रभावित हुए। इनमें महिलाएं अधिक थी। इनमें से कुछ कर्मचारियों को सांस लेने में तकलीफ, उल्टी और आंखों में जलन की शिकायत हुई। अंबरनाथ की शिवाजीनगर पुलिस ने बताया है कि सभी कर्मचारियों की हालत स्थिर है।  कुछ कर्मचारियों को घर पर इसलिए छोड़ दिया गया क्योंकि वे फिट महसूस कर रहे थे। 

    एमआईडीसी, महाराष्ट्र प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड और नगरपालिका  के अधिकारियों ने घटना स्थल का प्रत्यक्ष दौरा किया। महाराष्ट्र प्रदुषण नियंत्रण मंडल के  प्रादेशिक अधिकारी शंकर वाघमारे भी उक्त कंपनी गए और हालात का जायजा लिया। स्थानीय पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि गैस रिसाव के मामले की जांच की जाएगी और  दोषी पाए जाने पर नियमानुसार कार्यवाही  होगी।