NCP का दामन छोड़ेंगे हणमंत जगदाले, थामेंगे इस पार्टी का हाथ!; जानें पूरी जानकारी

    Loading

    ठाणे : ठाणे महानगरपालिका (Thane Municipal Corporation) में पिचके दो दशक से भी अधिक समय तक नगरसेवक (Corporator) रहे राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (Nationalist Congress Party) के हणमंत जगदाले (Hanmant Jagdale) ने अब अपने हाथ में बाँधी घड़ी को निकालकर ढाल और तलवार थामने की चर्चा जोर पकड़ने लगी। जगदाले ने हाल ही में मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे (Chief Minister Eknath Shinde) से मुलाकात की थी और इस मुलाकात के बाद कहा जा रहा है कि जगदाले 9 फरवरी को बालासाहेब की शिवसेना (Balasaheb’s Shiv Sena) में शामिल होंगे। हालांकि इस संबंध में जगदाले का कहना है कि वह सही समय पर भूमिका की घोषणा करेंगे। 

    2017 में हुए ठाणे महानगरपालिका के चुनाव में शिवसेना के सबसे अधिक नगरसेवक चुने गए थे। उसके बाद दूसरे क्रमांक पर राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के नगरसेवकों की संख्या थी। अर्थात इस चुनाव में एनसीपी दूसरी सबसे बड़ी पार्टी थी। पूर्व मंत्री और विधायक जितेंद्र आव्हाड का कलवा-मुंब्रा विधानसभा क्षेत्र में पकड़ अधिक होने के कारण इस इलाके से बड़ी संख्या में महानगरपालिका के नगरसेवक चुने गए थे। लेकिन, वहीं दूसरी तरफ ठाणे शहर से राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के सिर्फ आठ नगरसेवक चुने गए। ये नगरसेवक लोकमान्य नगर के वार्ड नंबर 6 और राबोडी के वार्ड नंबर 10 से चुने गए थे। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ नगरसेवक नजीब मुल्ला और हणमंत जगदाले ने इन नगरसेवकों को चुनने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। 

    एनसीपी नेता जितेंद्र आव्हाड को नीचा दिखाने की कोशिश 

    इसलिए, नजीब मुल्ला और हनमंत जगदाले को ठाणे शहर में राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के दिग्गज नेताओं के रूप में जाना जाता है। वहीं, नजीब मुल्ला के जन्मदिन के मौके पर बालासाहेब की शिवसेना ने राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी नेता जितेंद्र आव्हाड को नीचा दिखाने की कोशिश की और उसके बाद चर्चा शुरू हो गई कि बालासाहेब की शिवसेना ने ठाणे शहर में राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ नगरसेवक हणमंत जगदाले को भी गले लगाने के लिए शिंदे गुट ने पासा फेंका है। 

    जगदाले बालासाहेब की पार्टी में शामिल होंगे!

    इससे अधिक बल तब मिल जाता है जब दो दिन पहले सूबे के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ठाणे में थे, उस समय हणमंत जगदाले ने राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के एक अन्य महत्वपूर्ण पदाधिकारी के साथ मुख्यमंत्री शिंदे से मुलाकात की थी। सूत्रों द्वारा मिली जानकारी के मुताबिक इस मुलाकात के दौरान दोनों के सीधे प्रवेश या ठाणे विकास अघाड़ी बनाकर उन्हें चुनाव मैदान में उतारने को लेकर प्रारंभिक चर्चा हुई। इस मुलाकात के बाद शहर में चर्चा शुरू हो गई है कि जगदाले बालासाहेब की पार्टी में शामिल होंगे। इस संबंध में जब हणमंत जगदाले से संपर्क किया गया तो उन्होंने स्पष्ट किया कि वह उचित समय पर इस संबंध में अपनी स्थिति की घोषणा करेंगे।