Kalamboli Circle Traffic Jam

    Loading

    नवी मुंबई: कलंबोली सर्कल मुंबई-पुणे मार्ग (Mumbai-Pune Route) और मुंबई-गोवा मार्ग (Mumbai-Goa Route) पर एक महत्वपूर्ण जंक्शन है। यहां से हर दिन हजारों वाहनों का आवागमन होता है, जिसकी वजह से यह सर्कल अब ट्रैफिक जाम का केंद्र बन गया है। जिसमें  बेवजह लोग फंस जाते हैं। यहां पर होने वाली ट्रैफिक जाम (Traffic Jam) की समस्या से निपटने के लिए नवी मुंबई की ट्रैफिक पुलिस (Navi Mumbai Traffic Police) को हर दिन कड़ी मशक्कत करनी पड़ती है। इस गंभीर समस्या से निपटने के लिए अब नवी मुंबई पुलिस के ट्रैफिक विभाग ने ठोस उपाय करने की पहल की है।

     कलंबोली सर्कल पर लगने वाले जाम को खत्म करने के लिए नवी मुंबई पुलिस के यातायात विभाग के उपायुक्त तिरुपति काकड़े ने विभिन्न प्रशासनिक विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक की। इस अवसर पर उपस्थित विभिन्न प्रशासनिक विभागों के अधिकारियों ने कलंबोली सर्कल पर लगने वाले जाम के बारे में चर्चा की और इसके बारे में सकारात्मक कदम उठाने पर सहमति दर्शाई।

    जल्द मिलेगी जाम से मुक्ति

    जिससे आने वाले समय में कलंबोली सर्कल पर जाम की समस्या का समाधान करने में पुलिस को मदद मिलेगी। उक्त बैठक में महाराष्ट्र राज्य सड़क विकास निगम के कैलास पाटिल, संदीप यादव, सिडको के इंजीनियर हर्षल कोली, लोक निर्माण विभाग की कल्याणी गुप्ता, पनवेल महानगरपालिका के इंजीनियर पी.आर. दोडे, आईआरबी के सचिन देवारे और खारघर टोल गेट प्रशासन के प्रतिनिधि उपस्थित थे।

    हमेशा होते रहते हैं सड़क हादसे

    मुंबई-पुणे राजमार्ग पर कलंबोली सर्कल से हर दिन मुंबई, पनवेल, पुणे, गोवा, जेएनपीटी, मुंब्रा, ठाणे जैसे विभिन्न मार्गों से भारी वाहनों का आवागमन होता है। इस सर्कल से एक दिन में करीब 4,000 से 4,500 वाहन गुजरते हैं। जिसकी वजह से इस सर्कल पर हमेशा भारी ट्रैफिक रहता है, इसलिए यहां पर हमेशा सड़क हादसे होते रहते हैं। जिसमें कई बार लोगों को बेवजह अपनी जान गंवानी पड़ती है। भारी वाहनों के आवागमन के कारण इस सर्कल पर हमेशा जाम की स्थिति बनी रहती है। जिससे निपटने के लिए नवी मुंबई यातायात नियंत्रण विभाग के पुलिस उपायुक्त तिरुपति काकड़े ने यहां की ट्रैफिक जाम की समस्या को हल करने की पहल की है।

    अधिकारियों ने किया साइट का दौरा

    ट्रैफिक जाम को दूर करने के लिए कलंबोली सर्कल में क्या उपाय करने की जरूरत है। इसके बारे में वहां की स्थिति को जानने के नवी मुंबई ट्रैफिक पुलिस, लोक निर्माण विभाग, एमएसआरडीसी, आईआरबी, सिडको, आरटीओ, पनवेल मनपा और अन्य प्रशासनिक निकायों के अधिकारियों के साथ साइट का दौरा किया। इस अवसर पर कलंबोली सर्कल पर यातायात को सुचारू करने और यातायात की भीड़ के कारण होने वाली दुर्घटनाओं की संख्या को कम करने के लिए अनावश्यक बाईपास, सिग्नल के आधुनिकीकरण, तकनीकी कठिनाइयों को दूर करने, साइड लेन भरने और गड्ढों की संख्या पर चर्चा की गई। संबंधित विभागों को उक्त सभी कार्यों को शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिया गया।

    टोल बचाने के लिए जाते हैं मुंब्रा-पनवेल मार्ग पर

    तलोजा इंडस्ट्रीज एसोसिएशन के अध्यक्ष सतीश शेट्टी ने बताया कि मुंबई से आने वाले भारी वाहन सायन-पनवेल रोड पर टोल से बचने के लिए रोडपली होते हुए कलंबोली सर्कल की ओर जाते हैं। जिसकी वजह से सायन-पनवेल रोड पर रोडपली सिग्नल और मुंब्रा पनवेल रोड पर कलंबोली सर्कल पर हमेशा ट्रैफिक जाम रहता है। अगर कामोठे के टोल बूथ को हटा दिया जाता है, तो कलंबोली सर्कल और रोडपली में यातायात की भीड़ काफी कम हो जाएगी।

    कलंबोली सर्कल पर ट्रैफिक जाम को लेकर उपाय करने के लिए विभिन्न प्रशासनिक विभागों के अधिकारियों से चर्चा कर यहां ट्रैफिक जाम की समस्या का तत्काल समाधान करने के निर्देश दिए गए हैं। उक्त जाम की समस्या को हल करने के लिए कोई और उपाय किया जा सकता है या नहीं, इसके लिए भी प्लानिंग की जा रही है।

    -तिरुपति काकडे, उपायुक्त, नवी मुंबई ट्रैफिक पुलिस