lepord
Representative Pic

    Loading

    अंबरनाथ : पिछले डेढ़ से दो महीने से अंबरनाथ,  मुरबाड (Ambernath, Murbad) और कल्याण ग्रामीण (Kalyan Rural) इलाको में दहशत पैदा करने वाला तेंदुआ अब मानव आवासीय (Human Residential) बस्ती में घुसपैठ कर चुका है। अंबरनाथ के आयुध निर्माणी परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरे में सोमवार रात यह तेंदुआ कैद हुआ है। एहतियात के तौर पर अब वन विभाग ने इस क्षेत्र के नागरिकों के बीच जागरूकता पैदा करना शुरू कर दिया है।

    पिछले कुछ दिनों से अंबरनाथ और कल्याण तालुका के वन क्षेत्रों में तेंदुआ देखा जा रहा है। तेंदुए ने अंबरनाथ से सटे कल्याण ग्रमीण के अंतर्गत आने वाले कुछ गांवों में बकरियों और बछड़ों का भी शिकार किया।  वन विभाग ने तेंदुए को पकड़ने का कोई प्रयास नहीं किया क्योंकि वह शिकार के बाद जंगल में लौट रहा था। हालांकि तेंदुआ अब सीधे शहरी क्षेत्र की सीमा तक में प्रवेश कर चुका है। वन विभाग के नियमों के अनुसार, जब तक तेंदुए मानव आवास क्षेत्र में प्रवेश नहीं करते, तब तक पिंजरे नहीं लगाए जा सकते।

    सही लोकेशन का पता लगाने में जुटा वन विभाग

    अब वन विभाग हाई अलर्ट पर है क्योंकि तेंदुए ने मानव बस्तियों में घुसपैठ कर ली है। वन विभाग अब ऑर्डनेंस इस्टेट क्षेत्र में नागरिकों से सतर्क रहने का आग्रह कर रहा है ताकि तेंदुओं को मनुष्यों को नुकसान पहुंचाने से रोका जा सके। वन विभाग ने मंगलवार शाम को तैयारी की और तेंदुए की सही लोकेशन का पता लगाने में जुटी है।    

    सोमवार की रात आयुध निर्माणी क्षेत्र के मंकी चौक पर तेंदुए को सड़क पार करते देखा गया। तेंदुए को फैक्ट्री के सुरक्षा रक्षकों ने देखा और तुरंत वन विभाग को सूचित किया। वन विभाग के अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और पाया कि तेंदुआ उसी क्षेत्र में है, वन विभाग के अधिकारियों ने अब नागरिकों से सतर्क रहने की अपील की है। आयुध निर्माणी क्षेत्र झाड़ियों से भरा है और क्षेत्र में बहुत अधिक हरा-भरा स्थान है इसलिए तेंदुए को छिपने के लिए पर्याप्त स्थान उपलब्ध है। जहां पर तेंदुआ देखा गया, वहां आयुध निर्माणी में अधिकारियों की बड़ी कालोनी है। आयुध निर्माणी प्रशासन ने भी संवाददाता से बातचीत में तेंदुए को देखे जाने की बात की पुष्टी की है।