Thane Municipal Corporation
Representative Pic

    Loading

    ठाणे : शुक्रवार को ठाणे जिले के चार महानगरपालिकाओं (Four Municipalities) क्रमशः ठाणे (Thane), नवी मुंबई (Navi Mumbai), कल्याण-डोंबिवली (Kalyan-Dombivli) और उल्हासनगर (Ulhasnagar) महानगरपालिका के आगामी चुनाव (Elections) के लिए सुप्रीम कोर्ट (Supreme Court) द्वारा ओबीसी समुदाय (OBC Community) के लिए तय कोटे के लिए ओबीसी और महिला सीटों के लिए आरक्षण लॉटरी द्वारा निकाला गया। ठाणे महानगरपालिका के आगामी चुनाव के मद्देनजर डॉ. विपिन शर्मा की मौजूदगी में अतिरिक्त आयुक्त संजय हेरवाडे और उपायुक्त मारुती खोडके के नेतृत्व में आरक्षण की लॉटरी निकाली गयी। इस आरक्षण का कुछ को लाभ हुआ है तो कुछ को उसका झटका लगा है। 2011 की जनगणना के अनुसार मतदाताओं की संख्या 18 लाख 41 हजार 488 है। कुल 47 प्रभाग बनाए गए हैं। इनमें से 46 प्रभागों में तीन सदस्य हैं और एक प्रभाग में चार सदस्य हैं। इन प्रभागों में से कुल 142 नगरसेवक चुने जाएंगे। 

    ढूंढ़ना होगा दूसरा वार्ड  

    पहले 71 सीटें महिलाओं के लिए, अनुसूचित जाति के लिए 10 और अनुसूचित जनजाति के लिए 10 सीटों का निर्धारण लॉटरी द्वारा किया गया था। साथ ही 64 सीटें सामान्य महिलाओं के लिए आरक्षित की गई हैं। इनमें से 47 सीटों को चुनाव आयोग ने आवंटित किया था। शेष 17 सीटों का आरक्षण लॉटरी से किया गया था। निकाली गयी लॉटरी के बाद कई वार्डों में दो सीटें महिलाओं के लिए आरक्षित हुई हैं और तीसरी सीट पर पुरुष उम्मीदवार चुनाव लड़ सकेंगे।  लेकिन तीसरी सीट पर एक से अधिक उम्मीदवार होने के चलते अब उनमे से किसी एक को दूसरा वार्ड तलाशना होगा। पूर्व स्थाई समिति अध्यक्ष संजय भोईर सहित कुछ नगरसेवक प्रभावित हुए हैं। कोपरी में नरेश म्हस्के और विकास रेपाले में किसी एक को दूसरी जगह खोजनी पड़ेगी। पूर्व उपमहापौर पल्ल्वी कदम को भी दुसरी जगह तलाशनी पड़ेगी। राबोडी में नए आरक्षण में महिला के लिए केवल एक सीट आरक्षित होने से राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के नजीब मुल्ला और सुहास देसाई दोनों साथ चुनाव लड़ सकेंगे। शिवसेना के नरेश मनेरा और सिद्धार्थ ओवलेकर एक ही वार्ड से चुने गए थे। इसके अलावा पूर्व महापौर एच.एस. पाटिल और पूर्व नगरसेवक संजय पांडेय के सुपुत्र सिद्धार्थ पांडेय दोनों एक ही प्रभाग से चुनाव लड़ने के इच्छुक हैं। इनमें से अब किसी एक को दूसरा प्रभाग तलाशना होगा। 

    पिछड़ा वर्ग महिला का आरक्षण

    चुनाव आयोग ने पिछड़ा वर्ग के लिए 10 फीसदी कोटे के साथ 15 सीटें आरक्षित की थी। जिसमें से महिलाओं की 15 में से 8 सीटें आरक्षित करने का आदेश दिया था। तदनुसार, प्रभाग क्रमांक 2, 4, 7, 14, 19, 42 और 46 में प्रभाग की ‘अ’ सीटें आरक्षित की गई हैं। जबकि नागरिकों का पिछड़ा वर्ग (पुरुष) के लिए 15 में से 7 सीटें आरक्षित की हैं। इसके अनुसार प्रभाग क्रमांक 16, 17, 20, 26, 28, 32 और 47 में ‘अ’ सीटें आरक्षित की गई हैं। 

    सामान्य महिलाओं के लिए आरक्षण

    ओबीसी आरक्षण के कारण सामान्य महिलाओं के लिए आरक्षण भी समाप्त कर दिया गया था। नए सिरे से 142 सीटों में से 56 सीटें महिलाओं के आरक्षित किया गया। इस हिसाब से 56 में से प्रभाग ‘अ’ में 20 और ब में 14 सीटें सीधे आरक्षित की गई हैं। जबकि 22 ब में बची हुई सीटों के लिए लॉटरी निकाली गए।  

    नवी मुंबई में 20.50 प्रतिशत ओबीसी आरक्षण

    महानगरपालिका कमिश्नर अभिजीत बांगर के मार्गदर्शन में वाशी के विशुदास भावे थिएटर ने नवी मुंबई महानगरपालिका के आम चुनाव के लिए ओबीसी और महिला सीटों के लिए आरक्षण निकाले गए। चुनाव आयोग के आदेशानुसार तीन सदस्यीय प्रणाली में 122 प्रभागों में मतदान होगा। ओबीसी के लिए 20.50 प्रतिशत के अनुसार कुल सामान्य में सीटों में लॉटरी द्वारा कुल 25 पिछड़ा वर्ग आरक्षित प्रभागों में से 13 वार्ड पिछड़ा वर्ग की महिलाओं के लिए आरक्षित किए गए हैं। अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति और पिछड़ा वर्ग के नागरिकों के लिए आरक्षित सीटों को छोड़कर, सामान्य महिलाओं के लिए 41 सीटें आरक्षित करते हुए, पिछड़ा वर्ग महिलाओं, अनुसूचित जातियों और अनुसूचित जनजातियों के लिए आरक्षित सीटों को छोड़कर, 21 सीटें सीधे महिलाओं के लिए आरक्षित हैं।