पांच मिनट में तय होगी मानखुर्द-ठाणे की दूरी!, 15 फरवरी से पुल से आवागमन शुरू होने की संभावना

    Loading

    ठाणे : मानखुर्द (Mankhurd) से ठाणे (Thane) की दूरी आगामी कुछ दिनों में महज पांच मिनट में पूरा किया जा सकता है। क्योंकि एमएमआरडीए (MMRDA) द्वारा छेड़ा नगर यातायात (Traffic) सुधार परियोजना के तहत शुरू मानखुर्द-ठाणे फ्लाईओवर (Mankhurd-Thane Flyover) का काम अंतिम चरण में है और सोमवार की रात इस फ्लाईओवर का आखिरी गर्डर लगाया गया। बाकी का काम जल्द पूरा किये जाने की बात करते एमएमआरडीए ने 15 फरवरी से इस पुल को यातायात सेवा शुरू करने का दावा किया है। 

    ईस्टर्न एक्सप्रेस पर स्थित छेड़ा नगर जंक्शन पर भारी ट्रैफिक जाम से वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। जिसे ध्यान में रखते हुए मुंबई महानगर क्षेत्र विकास प्राधिकरण (एमएमआरडीए) ने ‘छेड़ा नगर यातायात सुधार परियोजना’ को हाथ में लिया है। इस परियोजना के तहत छेड़ा नगर में तीन फ्लाईओवर और एक मेट्रो का निर्माण किया जा रहा है। इन तीन लेन पुलों में से पहला 680 मीटर लंबा है। जोकि सायन शिव और ठाणे को जोड़ता है। दूसरा दो लेन का फ्लाईओवर 1,235 मीटर लंबा होगा और मानखुर्द रोड से सीधे ठाणे से जुड़ा होगा। इसके लिए 249.29 करोड़ रुपए खर्च किए जा रहे हैं।  इसमें से 638 मीटर लंबे छेड़ा नगर फ्लाईओवर को मार्च 2022 में यातायात के लिए खोल दिया गया था। इस फ्लाईओवर को सांताक्रूज से चेंबूर सड़क परियोजना में जोड़ा गया है और इस पुल के खुलने से छेदा नगर में यातायात की भीड़ को कम करने में मदद मिल रही है। 

    पुल को 15 फरवरी से यातायात सेवा के लिए खोला जा सकता है

    छेड़ा नगर फ्लाईओवर के साथ 518 मीटर लंबे और 37.5 मीटर चौड़े सबवे का पहला चरण भी पूरा हो चुका है और यातायात के लिए खोल दिया गया है। अब मानखुर्द से ठाणे फ्लाईओवर का काम अंतिम चरण में है और इस काम में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर माना जाने वाले इस फ्लाईओवर के आखिरी के दो गर्डर लगाए जाने थे। इनमें से एक गर्डर सोमवार सुबह लगाया गया, जबकि दूसरा उसी दिन रात में लगाया गया। कुल मिलाकर काम अब अंतिम चरण में है और बाकी का काम जल्द ही पूरा कर लिया जाएगा। एमएमआरडीए के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि यह पुल को 15 फरवरी से यातायात सेवा के लिए खोला जा सकता है। उन्होंने यह भी दावा किया कि अगर इस पुल को खोल दिया जाता है तो छेड़ा नगर में ट्रैफिक जाम की समस्या दूर हो जाएगी और मानखुर्द से ठाणे तक का सफर सुगम हो जाएगा।