holi

    Loading

    नवी मुंबई: होली (Holi) और धुलिवंदन का पर्व अब 2 दिन दूर है, जिसकी तैयारी के लिए नवी मुंबई (Navi Mumbai) की तमाम बाजार विभिन्न रंगों (Colors) के साथ-साथ विभिन्न आकारों की पिचकारियों से सज गया है।  जहां पर 20 रुपए से लेकर 500 रुपए तक में रंग-बिरंगी पिचकारियां (Water Gun) बेची जा रही है।  वहीं 5 रुपए से 25 रुपए तक के पैकेट में विभिन्न प्रकार के रंग बिक रहे हैं, जिसमें प्रकृतिक और इको फ्रेंडली रंगों (Eco Friendly Colors) का समावेश है।  जिसे लोग ज्यादा खरीदना पसंद कर रहे हैं। 

    नवी मुंबई के वाशी स्थित एपीएमसी में होलसेल विभिन्न प्रकार की सामग्री बेचने वाले दुकानदारों ने अपनी दुकानों को विभिन्न प्रकार की पिचकारियों और रंगों से सजा लिया है। इन दुकानों में टैंक, पंप, कार्टून, प्रोजन, डोरेमोन, मिकी माउस, स्पाइडर मैन आदि की छोटे-बड़े आकार की पिचकारियां बिक रही हैं।  भारत में होली एक महत्वपूर्ण त्योहार है, जिसे देश के विभिन्न हिस्से में बहुत उत्साह के साथ मनाया जाता है। नवी मुंबई में यहां भूमिपुत्रों द्वारा होली का त्योहार पारंपरिक रूप से मनाया जाता है, क्योंकि नवी मुंबई के तहत आने वाले 95 गांवों में स्थानीय आगरी-कोली समुदाय के भूमिपुत्र रहते हैं। 

    लोगों पर चढ़ने लगा होली का रंग

    नवी मुंबई के दिघा, ऐरोली, घनसोली,कोपरखैरने, वाशी, तुर्भे, सानपाड़ा, नेरुल, बेलापुर, उलवे,उरण, पनवेल, कलंबोली और खारघर जैसे क्षेत्रों में होली का रंग लोगों पर चढ़ने लगा है।  कोरोना के संक्रमण के चल विगत 2 वर्षों से अन्य त्योहारों की तरह होली के पर्व की भी अपनी सीमाएं थी, लेकिन इस वर्ष कोरोना के प्रतिबंधों में काफी हद तक ढील दी गई है।  जिसकी वजह से इस वर्ष होली संबंधित वस्तुओं की अच्छी बिक्री हो रही है। 

    नागरिक 2 दिनों तक रंग बिखेरकर होली का त्योहार मनाते हैं। इस वर्ष प्राकृतिक रंगों की मांग अधिक है। होली से संबंधित सामग्री की बिक्री बढ़ने से जहां बाजारों में रौनक है वहीं दुकानदारों में उत्साह है। इस वर्ष होली की सामग्री की अच्छी बिक्री होने की उम्मीद है।

    -श्रावणी शैलेश समेल, रंग और पिचकारी बिक्रेता, उरण